Site icon News1India

Ayodhya Traffic : 14 कोसी परिक्रमा के दौरान कहां कहां रहेगा वाहनों पर प्रतिबंध, जानिए कौन से रास्ते अपनाएं?

Ayodhya 14 Kosi Parikrama 2026

 Ayodhya News:राम नगरी अयोध्या में विश्व प्रसिद्ध 14 कोसी परिक्रमा 17 नवंबर की देर रात 1:21 बजे शुरू होने जा रही है। इसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारू रखने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

कब से लागू डायवर्जन

प्रशासन के अनुसार, 17 नवंबर यानी मंगलवार शाम चार बजे से अयोध्या में आंतरिक यातायात डायवर्जन लागू होगा। यह व्यवस्था 19 नवंबर को भीड़ समाप्त होने तक जारी रहेगी। लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती की ओर से आने वाले जिन वाहनों को लखनऊ जाना है, वे शहर में प्रवेश करने के बजाय पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इन रास्तों पर रोक

चौकी सहादतगंज बाईपास चौराहे से रामपथ यानी सहादतगंज-हनुमानगढ़ी की ओर वाहन नहीं जाएंगे। इन्हें एनएच-27 से देवकाली बाईपास भेजा जाएगा। शांति चौक और मकबरा तिराहे से नाका हनुमानगढ़ी व शहर की ओर प्रवेश बंद रहेगा। सहादतगंज पुलिस चौकी के सामने से सहादतगंज चौराहे की ओर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। नवीन मंडी चौराहे से अग्रसेन चौराहे और अग्रसेन तिराहे से रामनगर तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। रामनगर जाने वाले वाहन शांति चौक के रास्ते भेजे जाएंगे। देवकाली बाईपास से अंबेडकर नगर की ओर, यानी कूढ़ाकेशवपुर तिराहे के परिक्रमा मार्ग पर भी प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को एनएच-27 से जाना होगा।

वैकल्पिक मार्ग अपनाएं

साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से लता मंगेशकर चौक जाने वाले वाहन लालपुर बाईपास की ओर मोड़े जाएंगे। हनुमानगुफा चौराहे से लता मंगेशकर चौक और वासुदेव घाट तिराहे की ओर रास्ता बंद रहेगा; वाहन साकेत फ्लाईओवर से जाएंगे। गांधी आश्रम बैरियर से लता मंगेशकर चौक जाने वाले वाहन जानकी महल मोड़ का इस्तेमाल करेंगे। बालू घाट यानी येलो जोन बैरियर से रामघाट चौराहे और आसिफ बाग बैरियर से साथी तिराहे की ओर भी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इनके लिए चूड़ामणि चौराहा वैकल्पिक मार्ग रहेगा। परिक्रमा के दौरान निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।

Exit mobile version