उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक अनोखा आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां 80 साल के बलजोर सिंह ने अपनी मृत्यु के बाद होने वाली तेरहवीं की रस्में जीते-जी पूरी कर लीं। बड़ौत तहसील क्षेत्र के जौहड़ी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बाकायदा हवन और भोज हुआ। इसमें करीब 900 लोगों ने पहुंचकर भोजन किया। आयोजन की तैयारियां भी बड़े समारोह की तरह की गई थीं।
खुद बताई खास वजह
बलजोर सिंह ने अपनी तेरहवीं आयोजित करने के पीछे परिवार से जुड़ी वजह बताई। उनके मुताबिक, उनका कोई बेटा नहीं है और उनकी एक बेटी है। ऐसे में उन्हें चिंता थी कि उनके निधन के बाद तेरहवीं सहित अन्य पारिवारिक रस्मों की जिम्मेदारी बेटी पर आ जाएगी। बेटी पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी मौजूदगी में ही इन रस्मों को पूरा करने का फैसला किया।
आठ हलवाइयों ने बनाया भोजन
कार्यक्रम के लिए घर में विशेष तैयारियां की गई थीं। आठ हलवाई मेहमानों के लिए तरह-तरह के पकवान बनाने में जुटे रहे। भोज में पूड़ी, सब्जी, रायता और लड्डू परोसे गए। सुबह विधि-विधान से हवन किया गया और इसके बाद करीब 900 लोगों ने भोजन ग्रहण किया। गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने भी इस आयोजन में हिस्सा लिया।
नाती को सौंपी जिम्मेदारी
इस आयोजन की एक और खास रस्म ने लोगों का ध्यान खींचा। भोज के बाद बलजोर सिंह ने अपने नाती मुकुल के सिर पर पगड़ी बांधी और परिवार की जिम्मेदारी उसे सौंप दी। इस अनोखे फैसले की चर्चा जौहड़ी गांव के साथ आसपास के इलाकों में भी हो रही है। आमतौर पर मृत्यु के बाद निभाई जाने वाली रस्मों को अपनी आंखों के सामने पूरा करने की बलजोर सिंह की पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।

