Balrampur Road Accident:उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार देर रात बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
यह हादसा उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उस समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। टक्कर के बाद कुछ पैदल राहगीरों के भी इसकी चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।
कोहरे में भीषण टक्कर
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक, दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में कुल सात लोग प्रभावित हुए। इनमें पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उच्चीकृत चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।
पांच लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), निवासी बरदही, सलीम (20), निवासी बड़हरा खुर्द, रहमत (30), निवासी चन्द्रापुर चिताई, तौफीक (19), निवासी छपरतलवा और मोहम्मद फारूक (20), निवासी बड़हरा खुर्द के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18), दोनों निवासी बड़हरा खुर्द, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त जिला अस्पताल बलरामपुर भेज दिया गया है।
मौके पर मिले टूटे हेलमेट
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने और जरूरी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रारंभिक निरीक्षण में घटनास्थल से दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इनमें एक टीवीएस स्पोर्ट और दूसरी टीवीएस राइडर शामिल है। इसके अलावा मौके से दो टूटे हुए हेलमेट और एक मृत बकरी भी मिली है।
पैदल राहगीरों के चपेट में आने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत के बाद कुछ पैदल राहगीर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

