Site icon News1India

Holiday Alert : यूपी के 7 जिलों में छुट्टी, छठ पूजा पर कहां-कहां बंद रहेंगे स्कूल-दफ्तर? दिल्ली में क्या हुआ ऐलान

छठ पूजा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सात जिलों में सोमवार, 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित जिलाधिकारियों ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। इनमें कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज और संतकबीरनगर शामिल हैं। इन जिलों में सरकारी कार्यालयों और स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी रहेगी। हालांकि, जरूरी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए कुछ जगहों पर कोषागार और बैंक खुले रहेंगे।

इसके अलावा सिद्धार्थनगर में कक्षा 1 से 12 तक और देवरिया में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।

जिलाधिकारियों ने दिए आदेश

वाराणसी के डीएम ने कोषागार को छोड़कर सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित की है। वहीं, गाजीपुर के डीएम अनुपम शुक्ला ने भी सरकारी दफ्तरों और विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

कुशीनगर के डीएम संजय चौहान ने 16 नवंबर को छठ पूजा परायण के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके लिए 19 अक्टूबर को महाअष्टमी पर घोषित छुट्टी को निरस्त कर छठ पर्व पर समायोजित किया गया है।

लखनऊ की महिलाओं को राहत

राजधानी लखनऊ में भी महिला कर्मचारियों को छठ पूजा पर विशेष राहत मिली है। मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम और जलकल विभाग में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को 16 नवंबर को एक दिन का अवकाश देने का आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ यह पर्व मनाती हैं, इसलिए सोमवार को उनसे काम नहीं लिया जाएगा।

दिल्ली में भी छुट्टी

छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली सरकार ने भी 16 नवंबर 2026 को पूरी दिल्ली में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सरकार के आदेश के मुताबिक, सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के अधीन स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में भी छुट्टी रहेगी।

बता दें कि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसी को देखते हुए अलग-अलग राज्यों और जिलों में अवकाश की व्यवस्था की गई है।

Exit mobile version