Site icon News1India

‘सनातन धर्म सुरक्षित तो सब सुरक्षित…’ अयोध्या से CM योगी ने किया सनातन धर्म की सुरक्षा का आह्वान

CM Yogi

CM Yogi Sanatan Dharma: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्री अयोध्या धाम में आयोजित अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत पाठ और पंच नारायण महायज्ञ में भी भाग लिया। महायज्ञ के दौरान मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुति अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया और कहा कि यदि सनातन धर्म सुरक्षित है, तो सब कुछ सुरक्षित है।

CM Yogi ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का राष्ट्रीय धर्म सनातन धर्म है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और शांति का प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत तब तक भारत है, जब तक यहां सनातन धर्म सुरक्षित है। उनका कहना था कि हम सभी को मिलकर इस धर्म के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करना होगा।

उन्होंने ऐतिहासिक मंदिरों पर हुए आक्रमणों का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इन पवित्र स्थलों को नष्ट करने का काम करते थे, उनका कुल और वंश समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि आज भी कुछ लोग, जिनके पूर्वजों ने भारत के धार्मिक स्थलों को नष्ट किया था, अब दुर्गति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज औरंगजेब के परिवार के लोग रिक्शा चला रहे हैं, यह उनकी दुर्गति है। अगर उन्होंने पुण्य किए होते और मंदिरों को न तोड़ा होता, तो क्या उनकी ऐसी स्थिति होती?”

यहां पढ़ें: Kushinagar News : सरकारी मदद पानी है तो हो जाइए अलर्ट, कुशीनगर जिला प्रशासन ने किसानों को दी कुछ ऐसी सलाह

CM Yogi ने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म के संरक्षण के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में कोई भी इस धर्म को नष्ट करने का प्रयास न करे। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म ने सृष्टि के साथ तालमेल बनाकर खुद को जीवित रखा है और समय-समय पर महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर इसे विकृतियों और विसंगतियों से बचाया गया है।

अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने संतों के मार्गदर्शन में अयोध्या के वैभव को पुनः स्थापित करने का कार्य किया है। रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण और अयोध्या धाम का विकास इसके जीवंत उदाहरण हैं। सीएम योगी ने यह भी कहा कि यह यज्ञ केवल आत्मशुद्धि और पर्यावरण शुद्धि का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सनातन धर्म की रक्षा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का भी एक माध्यम है।

CM Yogi ने अंत में भारतवासियों से आह्वान किया कि वे सभी ऐतिहासिक गलतियों से सबक लें, जिन्हें अतीत में दोहराया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा और सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही, ताकि भारत की पवित्रता और धार्मिक स्थलों का सम्मान बना रहे।

Exit mobile version