Ganga Expressway Accident: खुशहाल परिवार त्योहार की खुशियां मनाने और अपनों से मिलने प्रयागराज जा रहा था। घर पर बुजुर्ग माता-पिता बेटे, बहू और पोतों का इंतजार कर रहे थे। लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आईटी कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दो मासूम बेटों की मौत हो गई।
चारों की एक साथ विदाई
गुरुवार सुबह परिवार के चारों सदस्यों के शव प्रयागराज के नीम सराय, मुंडेरा स्थित घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। जब एक साथ चार अर्थियां उठीं तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिवार, रिश्तेदार और परिचित रसूलाबाद घाट पहुंचे, जहां चारों का अंतिम संस्कार किया गया।
हादसे में किसकी मौत
प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी 40 वर्षीय सौरभ उपाध्याय गौतमबुद्ध नगर की एक निजी आईटी कंपनी में वाइस चेयरमैन थे। बुधवार 11 नवंबर को वह अपनी 38 वर्षीय पत्नी मेनका उपाध्याय और सात वर्षीय बेटे व्योम व डेढ़ वर्षीय शिवोम के साथ एक्सयूवी-300 कार से घर जा रहे थे।
पिलर 317 के पास हादसा
गंगा एक्सप्रेसवे पर पिलर संख्या 317 के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ, मेनका और बड़े बेटे व्योम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल छोटे बेटे शिवोम ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
एक साथ लेटे थे चारों
चारों के शव सफेद कपड़ों में लिपटे हुए थे। पिता सौरभ, मां मेनका और उनके पास दोनों मासूम बच्चे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े। जिन बच्चों ने कभी मां का आंचल और पिता की उंगली थामकर चलना सीखा था, वे हमेशा के लिए खामोश हो चुके थे।
परिवार का दर्द देख रोए लोग
शाम को जब चारों शव एक साथ रखे गए तो वहां मौजूद लोगों के लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया। बुजुर्ग माता-पिता जिस बेटे, बहू और पोतों के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, उनकी एक साथ चार अर्थियां उठीं। पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर शोक का माहौल रहा।

