Ghazipur Road Accident: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सोमवार भोर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना मरदह थाना क्षेत्र के महेगवा गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन की है। तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय विश्वजीत कुमार उर्फ गोलू और 25 वर्षीय शोभनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मऊ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विश्वजीत को मृत घोषित कर दिया। शोभनाथ का उपचार जारी है।
ननिहाल आया था युवक
विश्वजीत कुमार पहाड़ीपुर, थाना मुहम्मदाबाद का रहने वाला था। वह अपनी मां रीना देवी के साथ महेगवा स्थित ननिहाल में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार भोर वह अपने रिश्तेदारों के यहां आए एक बुजुर्ग की तलाश में शोभनाथ के साथ बाइक से बरही गया था। वहां से लौटते समय महेगवा गांव के पास गाजीपुर की तरफ से आ रही कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक शोभनाथ चला रहा था और विश्वजीत पीछे बैठा था।
कार चालक हिरासत में
हादसे की सूचना पर मरदह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर उसके चालक अभय वर्मा निवासी जखनियां, थाना भुड़कुड़ा को हिरासत में ले लिया। मृतक के मामा रामविलास राम की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विश्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए मऊ भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में पसरा मातम
विश्वजीत दो भाइयों में बड़ा था और अभी अविवाहित था। बचपन में ही उसके पिता का निधन हो गया था। उस समय वह तीन साल और उसका छोटा भाई महज एक साल का था। इसके बाद उसका पालन-पोषण ननिहाल महेगवा में हुआ। वह गोवा में निजी नौकरी करता था और तीन दिन पहले ही घर लौटा था। तिलक समारोह की खुशियों के बीच हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां रीना देवी और परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है।

