Gorakhpur Electric Shop Fire:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार देर रात एक इलेक्ट्रिक दुकान में भीषण आग लग गई। सहजनवा थाना क्षेत्र के घघसरा कस्बे में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विजय इलेक्ट्रिकस नाम की दुकान में लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि दुकान के अंदर रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला।
दुकान बंद कर घर गए
घघसरा निवासी विजय कुमार कस्बे में विजय इलेक्ट्रिकस के नाम से इलेक्ट्रिक सामान की दुकान चलाते हैं। मंगलवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे पुलिस ने फोन करके उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह घबराए हुए मौके पर पहुंचे। वहां दुकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। आसपास के लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
दो घंटे में बुझी आग
आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। पंखे, बिजली के तार, वायरिंग से जुड़ी सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आग की भेंट चढ़ गए।
पड़ोसी दुकान को राहत
आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि बगल में स्थित सूरज रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान का शीशा टूट गया। हालांकि, आग कपड़ों की दुकान के अंदर नहीं पहुंची और वहां रखा सामान सुरक्षित बच गया। इससे दुकानदार को बड़े नुकसान से राहत मिली।
50 लाख से ज्यादा नुकसान
विजय कुमार के मुताबिक, उनकी दुकान में करीब 50 लाख रुपये से अधिक का सामान रखा था, जो आग में जलकर राख हो गया। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।

