Site icon News1India

Road Show Controversy :गोरखपुर में 14 साल के छात्र की मौत, क्यों घिरी सपा? योगी, अखिलेश आमने-सामने

Gorakhpur Road Show Death

Gorakhpur Road Show Death:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो से जुड़ी एक दुर्घटना में 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मृतक के पिता ओंकार सिंह भाजपा के निर्वाचन आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार दोपहर आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान कथित तौर पर रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गोरखपुर एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि, जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, दुर्घटना करीब साढ़े तीन बजे हुई और उस समय छात्र स्कूटर चला रहा था, जिसकी जेसीबी से टक्कर हुई थी।

योगी ने साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना के लिए समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि सपा के लोगों ने बच्चे को कुचलकर मार डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्यवर्धन ऐतिहासिक चौरी चौरा कांड से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी के परिवार से था। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा भी दिया।

अखिलेश ने उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के आरोपों पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सपा की ओर से जारी कथित सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल पर न तो रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही कोई रैली। पार्टी का दावा है कि पहले एक परिवहन निगम की बस ने छात्र को टक्कर मारी और इसके बाद वह जेसीबी की चपेट में आया। अखिलेश ने कहा कि हादसे का राजनीतिकरण करना पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है।

66 लोगों पर FIR

पुलिस ने परिवार की शिकायत पर गुरुवार को एम्स थाने में 66 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नामजद आरोपियों में जेसीबी चालक साधु यादव उर्फ साधु भैया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version