Kannauj Accident update:उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को जिंदगी भर का गम दे दिया। आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए। इस हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र रजीउल्लाह की भी जान चली गई। इकलौते बेटे की मौत से पिता समीउल्लाह पूरी तरह टूट गए हैं। जिस बेटे को बड़ा अफसर बनाने का सपना देखा था, आज उसी की तस्वीर देखकर पिता के आंसू नहीं थम रहे हैं।
इकलौते बेटे को खोकर बेसुध हुए पिता
रजीउल्लाह की मौत के बाद पिता समीउल्लाह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपने मोबाइल में बेटे की तस्वीर देखते हैं और आंसू पोंछते नजर आते हैं। उन्हें इस बात का सबसे ज्यादा मलाल है कि काश उन्होंने बेटे को पिकनिक पर जाने से रोक दिया होता, तो शायद आज उनका बेटा उनके बीच होता।
समीउल्लाह ने बताया कि रजीउल्लाह उनका इकलौता बेटा था और 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह पढ़ाई में काफी होनहार था। उसकी मां शिक्षक हैं, जबकि पिता खेती-किसानी करते हैं। दोनों ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए कई सपने संजोए थे। पिता चाहते थे कि बेटा पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बने और परिवार का नाम रोशन करे।
बेटे की जिद के आगे मान गए पिता
समीउल्लाह के मुताबिक, दो दिन पहले रजीउल्लाह ने उन्हें बताया था कि स्कूल की तरफ से आगरा पिकनिक पर जाने का कार्यक्रम बनाया गया है। वह अपने दोस्तों के साथ घूमने जाना चाहता था। पिता ने शुरुआत में उसे पिकनिक पर जाने से मना कर दिया था, लेकिन बेटे की जिद के आगे आखिरकार उन्हें अनुमति देनी पड़ी।
पिता ने बेटे को पिकनिक पर जाने के लिए दो हजार रुपये भी दिए थे। परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि दोस्तों के साथ घूमने की उसकी खुशी जल्द ही मातम में बदल जाएगी। जिस बेटे को उन्होंने हंसते-खेलते विदा किया था, वह कभी वापस नहीं लौटेगा।
बस में पीछे से घुसा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, 24 नवंबर को आगरा से लौटते समय बच्चों ने टॉयलेट जाने की बात कही। इसके बाद बस को कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 210 के पास सड़क किनारे रोक दिया गया। बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी बस के अंदर ही मौजूद थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आया आलू से लदा ट्रक बस में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई और 21 बच्चे घायल हो गए। रजीउल्लाह भी बस के पिछले हिस्से में बैठा था।
बेटे के साथ टूट गया पिता का सपना
हादसे के बाद से रजीउल्लाह के परिवार में मातम पसरा हुआ है। रिश्तेदार और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन इकलौते बेटे को खोने का दर्द किसी दिलासे से कम नहीं हो रहा।
समीउल्लाह को बार-बार बेटे की पिकनिक पर जाने की जिद याद आ रही है। जिस बेटे को पढ़ा-लिखाकर अफसर बनाने का सपना देखा था, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। अब पिता के पास बेटे की यादें और मोबाइल में उसकी तस्वीरें ही बाकी रह गई हैं।

