Site icon News1India

School Bus Accident:पिकनिक से लौट रहे बच्चों की बस में घुसा ट्रक,4 मासूमों की गई जान; 21 घायल

Kannauj School Bus Accident:उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पिकनिक मनाकर घर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया।

सड़क किनारे खड़ी थी बच्चों की बस

यह हादसा 24 नवंबर की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे पिकनिक मनाने के लिए निकले थे और वापस कौशांबी लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि रास्ते में बच्चों को टॉयलेट जाना था। इसी वजह से चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। बच्चे और शिक्षक बस में ही मौजूद थे। तभी आगरा की तरफ से आलू लादकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक बस से टकरा गया।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे सीटों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के बीच फंस गए। उनकी आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मदद के लिए पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

हादसे में चार छात्रों की मौत

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 18 वर्षीय रजीउल्ला, 17 वर्षीय जैद मिर्जा और 17 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों छात्र कौशांबी और फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले थे।

हादसे में 21 अन्य बच्चे घायल हुए हैं। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। जिन घरों में बच्चे पिकनिक से लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। वहीं, घायल बच्चों के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया। पुलिस ने ट्रक और बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version