Site icon News1India

Bride Murder Case: कासगंज में दस माह बाद हुआ हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार, खेत में दफन मिली नवविवाहिता की लाश

Kasganjbrideburiedmurdercaseupdates

Buried Bride Murder Case Revealed: कासगंज जिले में करीब दस महीने से लापता एक नवविवाहिता की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने लंबी जांच के बाद इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर खेत में दफनाया गया शव भी बरामद कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

पुलिस टीम की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा के नेतृत्व में थाना सिकंदरपुर वैश्य की टीम ने 18 फरवरी 2026 को आरोपी रवेन्द्र कुमार को गंगपुर-सनौड़ी मार्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस काफी समय से आरोपी की तलाश कर रही थी और आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।

शादी के बाद बढ़ा विवाद

मृतका प्रियंका की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2024 को रवेन्द्र कुमार से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर प्रियंका को परेशान किया जाने लगा। परिवार का आरोप है कि उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

लापता होने से बढ़ा शक

14 अप्रैल 2025 को प्रियंका के जेठ ने फोन कर बताया कि प्रियंका और उसका पति काम के सिलसिले में बाहर जा रहे हैं। इसके बाद से प्रियंका का कोई संपर्क परिवार से नहीं हुआ। कई दिनों तक जानकारी न मिलने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तभी से पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी।

पूछताछ में सच सामने

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी पति ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि पत्नी का किसी पुराने दोस्त से फोन पर बात करना उसे पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में उसने मारपीट की और कमरे में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को खेत में दफनाया

आरोपी ने अपने भाई और पिता की मदद से शव को चादर में लपेटा और प्लास्टिक की बोरी में भर दिया। रात में बुग्गी से खेत तक ले जाकर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। अगले दिन उसने घरवालों को गुमराह कर दिया कि दोनों कहीं बाहर चले गए हैं और खुद भी गायब हो गया।

शव और हथियार बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत की खुदाई कर सड़ी-गली हालत में शव बरामद किया। उसके घर से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद हुई। अब पुलिस ने मामले में हत्या समेत कई गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version