Site icon News1India

Kaushambi Bus Accident: दिल्ली से बनारस जा रही लग्जरी बस की ट्रैंकर से हुई टक्कर, चालक समेत चार लोग घायल

Kaushambi Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में मंगलवार सुबह दिल्ली से बनारस जा रही एक लग्जरी बस की टैंकर से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा सैनी कोतवाली क्षेत्र में गुरुकुल स्कूल के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। दुर्घटना में बस चालक समेत चार यात्री घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, ओवरटेक करने के प्रयास में यह हादसा हुआ।

गुरुकुल स्कूल के पास बस और टैंकर की टक्कर

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से बनारस जा रही लग्जरी बस सैनी कोतवाली क्षेत्र में गुरुकुल स्कूल के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस की सामने से आ रहे टैंकर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बताया कि डंपर से साइड लेने और ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान बस टैंकर से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बस चालक समेत चार यात्री घायल

इस दुर्घटना में बस चालक रामकुमार पुत्र राम जमाल, निवासी कानपुर देहात, मुन्नी देवी पत्नी शिवशंकर और सुशीला देवी पत्नी राकेश कुमार, दोनों निवासी बनारस, समेत एक अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे में बस चालक का दाहिना पैर टूट गया।

राहगीरों की सूचना पर सीओ सत्येंद्र तिवारी और सैनी इंस्पेक्टर वीर प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिराथू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

अन्य यात्रियों को भेजा गया बस स्टैंड

हादसे के बाद बस में सवार बाकी यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। इसके लिए उन्हें सैनी बस स्टैंड भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराया।

Exit mobile version