Site icon News1India

Love Dispute : शादी की जिद में अड़ी युवती, प्रेमी के घर की छत पर चढ़ी , घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां शादी से इनकार करने पर एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और छत पर चढ़कर हंगामा करने लगी। युवती शादी की मांग पर अड़ी रही और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। घटना के दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके अगले दिन युवती प्रेमी की दुकान पर भी पहुंच गई और वहां हंगामा करने लगी। घटना का वीडियो रविवार को सामने आया है।

खरीदारी में हुई मुलाकात

जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय युवती कुशीनगर के परागपुर वार्ड में अपने मामा के घर रहती है। करीब दो सप्ताह पहले उसने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया था।

युवती के अनुसार, हाटा में खरीदारी के दौरान उसकी मुलाकात बाघनाथ तिराहे के कपड़ा व्यवसायी के बेटे गोपाल से हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। युवती का आरोप है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध बनने के बाद युवक ने शादी का भरोसा दिया था।

हालांकि, जब युवती ने शादी की बात कही तो युवक पीछे हटने लगा। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसी से नाराज होकर युवती ने उसके घर पहुंचकर शादी की मांग शुरू कर दी।

छत पर चढ़कर दी धमकी

शनिवार को युवती अचानक प्रेमी के घर पहुंच गई और सीधे छत पर चढ़ गई। वहां से वह शादी करने की जिद करने लगी। इस दौरान उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। युवती को छत पर देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने की कोशिश की। मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया और थाने ले जाया गया। इस दौरान घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा रही।

दुकान पर भी किया हंगामा

थाने में बातचीत के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। अगले दिन युवती अपने प्रेमी की दुकान पर पहुंच गई और वहां भी शादी की मांग को लेकर हंगामा करने लगी। वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी।

इस दौरान युवती ने आरोप लगाया कि प्रेमी ने अपनी बहनों को बुलाकर उसकी पिटाई करवाई है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और युवक के परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।

पुलिस कर रही जांच

हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, युवक और युवती दोनों को थाने बुलाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है। पहले दर्ज मुकदमे और मौजूदा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version