Lucknow traffic diversion:लखनऊ में रैली के मद्देनजर कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज और विधानसभा की ओर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें लालबत्ती चौराहा, कैंट या गोल्फ क्लब और 1090 चौराहे से गुजरना होगा। डीएसओ चौराहे से हजरतगंज और विधानसभा मार्ग बंद रहेगा, वाहन पार्क रोड और मेफेयर तिराहे का इस्तेमाल कर सकेंगे। रॉयल होटल चौराहे से विधानसभा होते हुए हजरतगंज जाने पर रोक रहेगी, वैकल्पिक रास्ता कैसरबाग, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा है। इसी तरह हजरतगंज से विधानसभा की ओर जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा और उन्हें लालबत्ती चौराहा या कैंट की ओर से निकलना होगा।
गोमतीनगर से आने वालों को क्या करना होगा?
गोमतीनगर से कैंट, चारबाग, आलमबाग और चौक जाने वाले वाहन गोल्फ क्लब, राजभवन और हजरतगंज होकर नहीं जा सकेंगे। इन्हें समता मूलक चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर होते हुए डालीगंज चौराहा, या ताज अंडरपास, पिपराघाट और दिलकुशा चौराहे से जाना होगा। सिकंदरबाग से चारबाग और कैसरबाग जाने वाले वाहन सुशीला स्मृतिका ग्रीन कॉरिडोर, डालीगंज और सीडीआरआई तिराहे से निकल सकेंगे। चारबाग की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, ताकि रैली के दौरान किसी भी तरह की भीड़ या जाम न लगे।
बसों और इमरजेंसी वाहनों के लिए क्या नियम?
रोडवेज और सिटी बसों के रूट भी बदले गए हैं। महानगर से चारबाग जाने वाली बसें सिकंदरबाग और हजरतगंज नहीं जा सकेंगी, उन्हें ग्रीन कॉरिडोर और डालीगंज से जाना होगा। वहीं, एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। मेडिकल इमरजेंसी में यातायात पुलिस की मदद ली जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रैली के दिन अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।















