Site icon News1India

Lucknow Fire: सहारा शहर में लगी भीषण आग,सुब्रत राय की यादें जलकर राख;15 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

Sahara City Fire Lucknow

Sahara City Fire Lucknow:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विपुल खंड-1 स्थित सहारा शहर में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई। आग परिसर के मुख्य गेट के पास बनी सुब्रत राय की एग्जीबिशन गैलरी में लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरी गैलरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज, चौक, इंदिरानगर, आलमबाग, बीकेटी, सरोजनी नगर, गोसाईंगंज और पीजीआई समेत कई फायर स्टेशनों से कुल 15 दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों ने 42 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। इसके अलावा नगर निगम की ओर से हाईमास्ट लाइट लगाई गईं, ताकि अंधेरे में राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हो। मौके पर आठ जेसीबी, पानी के टैंकर और एंटी स्मोक गन भी मंगाई गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्कूटर से तस्वीरों तक सब राख

सहारा शहर के मुख्य गेट के दाहिनी ओर सुब्रत राय ने एग्जीबिशन सेंटर बनवाया था। इस गैलरी में उनके जीवन और सहारा समूह के सफर से जुड़ी यादें संजोकर रखी गई थीं। यहां प्रसिद्ध खिलाड़ियों और कई हाईप्रोफाइल हस्तियों के साथ उनकी तस्वीरें भी मौजूद थीं।

गैलरी में वह स्कूटर भी रखा गया था, जिससे सुब्रत राय ने अपने करियर की शुरुआत की थी। आग की चपेट में आने से स्कूटर, तस्वीरों और ऐतिहासिक सामान समेत गैलरी में रखी तमाम यादें जलकर खाक हो गईं।

सील परिसर में आग लगने पर सवाल

सहारा शहर को छह अक्टूबर 2026 को लीज की शर्तों का उल्लंघन करने पर नगर निगम ने सील कर दिया था। इसके बाद से परिसर में आम लोगों की आवाजाही बंद है। यहां नगर निगम का ईटीएफ बल सुरक्षा में तैनात रहता है। बताया जा रहा है कि परिसर में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। ऐसे में आग लगने की वजह को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मुख्य गेट के पास पेट्रोल और डीजल के कई कनस्तर भी मिले। सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, इन्हें परिसर के पेट्रोल पंप से चोरी करने वाले कुछ लोगों से पकड़ा गया था। इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की गई थी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि शुरुआती सूचना पर गोमती नगर से दमकल की गाड़ी भेजी गई थी। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

Exit mobile version