Site icon News1India

Lucknow Traffic Alert: पीएम मोदी के दौरे पर लखनऊ में 35 जगह ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें पूरा रूट प्लान

Lucknow Traffic Diversion

 Lucknow Traffic Diversion:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ के पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक एयरपोर्ट से शहीद पथ होते हुए गोमतीनगर तक 35 स्थानों पर वाहनों का आवागमन बदला रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखना जरूरी है।

पॉलीटेक्निक पर डायवर्जन

पॉलीटेक्निक चौराहे से हजरतगंज की ओर लोहिया पथ से जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर जा सकेंगे। वहीं, समतामूलक चौराहे से आने वाले वाहन पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज पुल, 1090 चौराहा और बालू अड्डा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

कमता तिराहे पर बदलाव

कमता शहीद पथ तिराहे से आने वाले वाहनों को पॉलीटेक्निक चौराहा, चिनहट तिराहा और कठौता की ओर भेजा जाएगा। कमता से शहीद पथ पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालक पॉलीटेक्निक चौराहा या चिनहट के रास्ते जा सकेंगे।

आईजीपी के आसपास ये रास्ते

लोहिया पार्क चौराहे से आने वाले वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे से आगे जा सकेंगे। लोहिया अस्पताल जाने वाले वाहनों को अस्पताल से पहले बाएं गेट नंबर-1 से प्रवेश मिलेगा।

कठौता झील चौराहे से वाहन चिनहट तिराहा, हनीमैन चौराहा और हुसेड़िया चौराहे की ओर जा सकेंगे। विजयीपुर अंडरपास से कमता तिराहा और हुसेड़िया होकर गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प रहेगा। वहीं, न्यू हाईकोर्ट मोड़ से सुषमा अस्पताल, पॉलीटेक्निक और कमता की ओर वाहन जा सकेंगे।

शहीद पथ पर रहेगा प्रतिबंध

शहीद पथ पर यातायात प्रतिबंधित रहने के दौरान वाहन चालक हुसेड़िया अंडरपास और हनीमैन चौराहे का इस्तेमाल कर सकेंगे। हुसेड़िया से वाहन ग्वारी चौराहा और दयाल पैराडाइज होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

अहिमामऊ के आसपास डायवर्जन

सुल्तानपुर और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ से आने वाले वाहनों को अहिमामऊ के बजाय जलसा रिसॉर्ट के सामने से किसान पथ की ओर भेजा जाएगा। रायबरेली से आने वाले वाहन भी हरिकंशगढ़ी और किसान पथ के निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल कर सकेंगे

कानपुर-उन्नाव के वाहन ध्यान दें

कानपुर और उन्नाव की तरफ से आने वाले वाहन शहीद पथ के बजाय दरोगाखेड़ा और किसान पथ अंडरपास होकर जा सकेंगे। अमौसी वीआईपी मोड़ से वाहन शहीद पथ मोड़, कानपुर रोड तिराहा या नादरगंज तिराहे की ओर जा सकेंगे।

शहीद पथ मोड़ और कानपुर रोड तिराहे से बाराबिरवा चौराहा या दरोगाखेड़ा होते हुए किसान पथ का रास्ता अपनाया जा सकेगा। स्कूटर इंडिया चौराहे से भी वाहनों को शहीद पथ के बजाय किसान पथ से गुजरना होगा।

पीएम के स्वागत में सज रही राजधानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए लखनऊ को सजाने-संवारने का काम भी शुरू हो गया है। एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सड़क किनारे फूलों की सजावट, पेंटिंग और बिजली की झालरों से शहर को आकर्षक बनाया जा रहा है।

नगर निगम का उद्यान विभाग हरित पट्टियों को व्यवस्थित करने, पौधे लगाने और पार्कों को सुंदर बनाने में जुटा है। इसके साथ ही एयरपोर्ट से शहीद पथ तक सड़क के दोनों किनारों को भी संवारा जा रहा है।

लोहिया पथ भी होगा तैयार

प्रधानमंत्री के काफिले के लिए शहीद पथ मुख्य मार्ग प्रस्तावित है। हालांकि, राजभवन से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक पहुंचने के विकल्प को ध्यान में रखते हुए लोहिया पथ को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में तैयार किया जा रहा है। यहां बेहतर लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है।

यातायात पुलिस की सलाह: शनिवार को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट की जानकारी जरूर कर लें। डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।

Exit mobile version