Site icon News1India

महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष अनुष्ठान, 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

Maha Shivratri 2025

Maha Shivratri 2025: श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार मंदिर परिसर में महाकुंभ की महाशिवरात्रि थीम पर आधारित उत्सव जैसा माहौल होगा। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि को और भव्य बनाने के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।

15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

महाकुंभ के चलते इस बार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर प्रशासन के अनुसार 26 फरवरी को महाशिवरात्रि (Maha Shivratri 2025) के दिन करीब 15 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए काशी पहुंच सकते हैं। भीड़ को ध्यान में रखते हुए धूप से बचाव, मेडिकल सुविधाएं, जल आपूर्ति और सुगम दर्शन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

नागा साधुओं के लिए विशेष समय

मंदिर प्रशासन ने बताया कि महाशिवरात्रि (Maha Shivratri 2025) पर प्रयागराज कुंभ से आने वाले साधु और नागा संन्यासियों को विशेष रूप से प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान 3 से 4 घंटे तक आम श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। नागा साधुओं के दर्शन के बाद ही सामान्य भक्तों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस महाशिवरात्रि पर बाबा काशी विश्वनाथ का कपाट 32 घंटे तक अनवरत खुला रहेगा। इस दौरान परिसर में स्थित सभी विग्रहों का महारुद्राभिषेक किया जाएगा।

यह भी पढ़े: UP Budget 2025: अखिलेश यादव ने बजट को बताया ‘खाली झोला’, कहा- जनता पूछ रही है, बजट कब आएगा?

मंदिर प्रशासन की ये अपील 

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ऑनलाइन दर्शन करने की अपील की है ताकि अत्यधिक भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि लाइन में 5 से 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ सकता है इसलिए भक्त बिना खाए-पिए मंदिर न पहुंचे और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि का यह आयोजन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भव्यता का अद्भुत संगम होगा जहां श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

Exit mobile version