Site icon News1India

UP News : 10 साल के मासूम की करंट से मौत, किस विवाद में पेट्रोल पंप मालिक पर लगाए गंभीर आरोप

Mainpuri Electric Shock Death

Mainpuri Electric Shock Death:उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बिजली का करंट लगने से 10 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने पास में स्थित महेश फिलिंग स्टेशन के संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि मकान खाली कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद के चलते दीवार पर जानबूझकर करंट प्रवाहित करने वाला खुला तार छोड़ा गया था। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

20 साल से रह रहा परिवार

यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में आगरा रोड बाईपास स्थित दीप गंगा गार्डन के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, किशन पाल का परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से यहां रह रहा है। परिजनों का आरोप है कि पास में स्थित महेश फिलिंग स्टेशन के संचालक की ओर से कुछ समय से उन्हें परेशान किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि हाल ही में उन्हें 15 दिनों के भीतर मकान खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया गया था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

सुबह छह बजे हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे किशन पाल का 10 वर्षीय बेटा देव कश्यप घर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वह दीवार के संपर्क में आ गया, जहां खुले तार में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। तार के संपर्क में आते ही बच्चे को तेज झटका लगा और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

चौकीदार पर भी लगाए आरोप

परिवार ने पेट्रोल पंप पर तैनात चौकीदार पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि चौकीदार ने बच्चे को करंट की चपेट में आते हुए देखा था, लेकिन उसे बचाने या बिजली की सप्लाई बंद कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। हालांकि, इस आरोप की भी पुलिस जांच कर रही है।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

देव की मां जब मौके पर पहुंचीं तो बेटे को जमीन पर बेसुध देखकर घबरा गईं। वह बिना देर किए बच्चे को लेकर जिला अस्पताल की ओर दौड़ीं। परिवार को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में देव की सांसें थम गईं। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की लिखित शिकायत और रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version