Site icon News1India

Modi Visit : किसके लिए पीएम मोदी का कार्यक्रम बनेगा खास? 52 युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

Modi Lucknow Visit :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। यहां गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री शाम 5:30 बजे आयोजित इस समारोह में देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करेंगे। खास बात यह है कि 2022 से 2025 तक यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ था। पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ को इसकी मेजबानी मिली है।

52 युवाओं को सम्मान

समारोह में वर्ष 2026 की अखिल भारतीय ट्रेड परीक्षा में अपनी-अपनी श्रेणी और ट्रेड में पहला स्थान हासिल करने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के 37 और शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) के 15 टॉपर्स शामिल हैं। प्रधानमंत्री के हाथों सम्मान मिलने से इन युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) कर रहा है।

यूपी के छह टॉपर्स

इस राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश के छह युवाओं ने भी जगह बनाई है। इन सभी ने अखिल भारतीय कौशल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेणियों में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी इन युवाओं को सम्मानित करेंगे। प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थियों की इस उपलब्धि को कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हुनर से आत्मनिर्भरता

केंद्र सरकार की ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ पहल का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के योग्य बनाना है। इसके तहत पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करके उनके हुनर और मेहनत को पहचान दी जाएगी। लखनऊ में होने वाला यह आयोजन युवाओं को कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

Exit mobile version