Rae Bareli Bus Accident: रायबरेली शहर के व्यस्त इलाके में बुधवार को बारातियों से भरी एक ओवरलोड डबल डेकर बस हादसे का कारण बन गई। कोतवाली क्षेत्र में दीवानी कचहरी के गेट नंबर तीन के सामने बस सड़क किनारे बनी दुकानों के छज्जे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छज्जे का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
मलबे में दबे दो लोग
हादसे के समय वहां एक नाबालिग बच्ची और बुजुर्ग महिला मौजूद थीं। छज्जा गिरने से दोनों मलबे के नीचे दब गईं। अचानक हुई घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने बचाया
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शी अनूप कुमार, राहुल और राजू समेत अन्य स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने मलबा हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बुजुर्ग महिला भी घायल हुई हैं।
बस में लदा था सामान
जानकारी के मुताबिक, बस में बाराती सवार थे और उसके ऊपरी हिस्से में भारी मात्रा में सामान लदा हुआ था। क्षमता से अधिक सामान और सवारियां होने के कारण बस एक तरफ झुकी हुई दिखाई दे रही थी। इसी दौरान बस दुकानों के छज्जे से टकरा गई और यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बस कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना में शामिल डबल डेकर बस को कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ओवरलोडिंग की बात भी सामने आई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड वाहनों पर नाराजगी
कचहरी जैसे व्यस्त इलाके में हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर क्षमता से अधिक सवारियां और भारी सामान लेकर चलने वाले वाहनों पर नियमित कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

