Site icon News1India

Raksha Bandhan Free Bus Travel: यूपी में महिलाओं को बड़ी सौगात, जाने कब तक कर सकते हैं मुफ्त बस यात्रा

xr:d:DAFI_4905-Q:13,j:32662887067,t:22081113

Raksha Bandhan Free Bus Travel: रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली बहनों के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष यात्रा सुविधा शुरू की है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं को एक सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।

परिवहन अनुभाग-2 की ओर से जारी आदेश में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को सभी बसों में इस सुविधा को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पति, भाई या परिवार का सदस्य भी कर सकेगा सफर

इस योजना का लाभ केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है। महिला के साथ यात्रा करने वाला एक सहयात्री भी बिना किराया दिए रोडवेज बस में सफर कर सकेगा। ऐसे में महिला के साथ उसका पति, भाई या परिवार का कोई अन्य सदस्य भी मुफ्त यात्रा कर सकता है।

सरकार की यह सुविधा करीब 51 घंटे तक लागू रहेगी, जिससे रक्षाबंधन के दौरान अलग-अलग शहरों और गांवों में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

बस अड्डों पर बढ़ेगी यात्रियों की भीड़

रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाती हैं। इस वजह से रोडवेज बसों में हर साल यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इस बार मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से बसों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है।

ऐसे में परिवहन निगम के सामने प्रमुख बस अड्डों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की चुनौती होगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों के संचालन और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा।

 

Exit mobile version