Site icon News1India

Sambhal News : संभल में दंगाइयों ने मचाया उत्पात, 41 गोलियों के कारतूस बरामद, पुलिस ने की कार्रवाई

Sambhal News :  उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस हिंसा के दौरान दंगाइयों ने 41 राउंड गोलियां चलाईं थीं, जिनके 41 खाली कारतूस पुलिस ने मौके से बरामद किए हैं। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने इन कारतूसों की पहचान की, जिसमें 12 बोर के 21 खोखे, 32 बोर के 11 खोखे और 315 बोर के 9 खोखे शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे भी जब्त किए हैं।

चार लोगों की मौत

इस हिंसा मामले में हाल ही में फरहत नामक एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हिंसा के बाद इस आरोपी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कराया था, जिसमें उसने हिंदुओं को मारने की बात की थी। बता दें कि इस हिंसा के दौरान जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान तनाव बढ़ गया था, जिससे चार लोगों की मौत हो गई और एक उप जिलाधिकारी समेत 25 लोग घायल हुए थे।

इससे पहले यह खबर सामने आई थी कि सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई आरोपियों से की जाएगी। आरोपियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाएंगे और उनसे वसूली की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में सपा सांसद जिया-उर-रहमान बर्क, स्थानीय विधायक इकबाल महमूद के बेटे सोहेल इकबाल और 2,750 अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद किया है।

पुलिस गाड़ियों को निशाना

बीजेपी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने इस मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जानबूझकर दंगा भड़काना, पुलिस गाड़ियों को निशाना बनाना और खुलेआम फायरिंग करना यूपी में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और इस मामले में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

Exit mobile version