UP Chhath Puja 2026: उत्तर प्रदेश में चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर और बस्ती समेत कई शहरों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही छठ घाटों पर व्रतियों और उनके परिवारों की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।
लखनऊ में दिखी आस्था
राजधानी लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा। सूर्य की पहली किरण के साथ व्रती महिलाओं ने उषा अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। तड़के सुबह से ही घाट पर पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। हाथों में पूजन सामग्री और पारंपरिक सूप लेकर महिलाएं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करती नजर आईं।
सोसायटियों में हुई पूजा
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित निलाया ग्रीन्स और इंदिरापुरम के कृष्णा अपरा गार्डन में महिलाओं ने सोसायटी परिसर में ही छठ पूजा की। वहीं नोएडा में छठी मैया के पारंपरिक गीतों के बीच महापर्व की छटा देखने को मिली। व्रतियों ने तीसरे दिन डूबते सूर्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली मांगी।
नदियों के किनारे श्रद्धा
बस्ती जिले में मनोरमा और कुआनो नदी के तट पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं ने नदी के पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल और गन्ने सहित पूजा सामग्री सजाई गई थी। 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा करने के बाद व्रतियों ने पारण किया। इस तरह चार दिवसीय महापर्व का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ।

