Site icon News1India

UP Constable Death Case: बहन की शादी छोड़ थाने लौटे सिपाही की कमरे में मिली लाश! प्रेमवीर सिंह की मौत से घर में पसरा मातम

UP Constable Death Case: उत्तर प्रदेश के अरांव थाने में तैनात एक सिपाही की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 29 वर्षीय प्रेमवीर सिंह का शव उनके किराए के कमरे में मिला। शाम को साथी पुलिसकर्मी उन्हें बुलाने पहुंचे थे, लेकिन काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से अंदर देखने पर उनका शव कमरे में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। अधिकारियों ने मृतक सिपाही के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।

शादी में शामिल होने गए थे घर

प्रेमवीर सिंह मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के नगला मोती गांव के रहने वाले थे। उनके पिता वैशराम सिंह यादव किसान हैं। प्रेमवीर वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में अरांव थाने में तैनात थे। वह कस्बे में टीवीएस एजेंसी के पास चंद्रपाल सिंह के मकान में किराए पर रहते थे।

परिजनों के मुताबिक, 25 नवंबर को उनकी चचेरी बहन प्रेमलता की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए प्रेमवीर मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे छुट्टी लेकर गांव पहुंचे थे।

ढाई घंटे बाद ही लौट आए थाने

प्रेमवीर के तहेरे भाई प्रवेश यादव ने बताया कि वह सुबह घर पहुंचे थे, लेकिन करीब 11 बजे अचानक वापस जाने लगे। पूछने पर उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष ने उनकी छुट्टी निरस्त कर दी है। शादी में शामिल हो पाएंगे या नहीं, यह थाने पहुंचने के बाद ही पता चलेगा।

इसके बाद वह दोपहर करीब दो बजे थाने पहुंचे और कामकाज निपटाने के बाद शाम चार बजे अपने किराए के कमरे पर चले गए।

साथी पुलिसकर्मी ने दी सूचना

मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे थाने में तैनात सिपाही गोविंद कुमार प्रेमवीर को बुलाने उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो प्रेमवीर का शव मिला।

सूचना पर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

शादी वाले घर में पसरा मातम

प्रेमवीर तीन भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रामवीर नोएडा में ट्रैवल्स एजेंसी चलाते हैं, जबकि छोटे भाई श्यामवीर गांव में परचून की दुकान संचालित करते हैं। उनकी चारों बहनों की शादी हो चुकी है। प्रेमवीर अविवाहित थे।

चचेरी बहन की शादी की खुशियों के बीच उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।

एसएसपी आदित्य लांग्हे के मुताबिक, सिपाही की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शादी टूटने और छुट्टी निरस्त होने से जुड़ी बातें सामने आई हैं। सीओ सिरसागंज पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

Exit mobile version