Site icon News1India

Road Accident:यूपी में दिवाली की खुशियां बदलीं मातम में , मुजफ्फरनगर-चित्रकूट में भीषण हादसे, 10 लोगों की दर्दनाक मौत

UP Diwali Road Accidents

 UP Diwali Road Accidents:उत्तर प्रदेश में दिवाली की रात खुशियों के बीच दो बड़े सड़क हादसों ने मातम पसरा दिया। मुजफ्फरनगर और चित्रकूट में हुए अलग-अलग हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई और उसमें आग लग गई। इस हादसे में महिला और बच्चे समेत छह लोगों की जान चली गई। वहीं, चित्रकूट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए।

मुजफ्फरनगर में कार में आग लगने से 6 की मौत

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी के पास रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले छह लोग हुंडई ऑरा कार से जींद से हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई।

टक्कर के बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं।

दमकल टीम ने बुझाई आग

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार में सवार सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

तितावी थाना प्रभारी जयबीर सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सभी छह मृतक हरियाणा के जींद जिले के निवासी बताए गए हैं। वे हरिद्वार की ओर जा रहे थे। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

चित्रकूट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 की मौत

दूसरा हादसा चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में रामनगर कस्बे के पास हुआ। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला अचानक टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतरकर पलट गई।

इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक मासूम भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दीपदान के बाद प्रयागराज लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर सवार सभी श्रद्धालु दीपदान कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान रामनगर के पावर हाउस के पास हादसा हो गया।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर में भर्ती कराया गया। इनमें से सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में तीन लोग मध्य प्रदेश के रीवा जिले और एक प्रयागराज का निवासी बताया गया है।

हादसों से इलाके में शोक का माहौल

दिवाली की रात मुजफ्फरनगर और चित्रकूट में हुए इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों घटनाओं में कुल 10 लोगों की मौत और 12 लोगों के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version