UP Free Labour Shelter Scheme:उत्तर प्रदेश में सर्दी के मौसम में काम की तलाश में आने वाले मजदूरों को राहत देने के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक प्रदेश के 18 बड़े शहरों में अस्थायी लेबर अड्डे संचालित करेगी। इन केंद्रों पर मजदूरों को रात में मुफ्त ठहरने के साथ गद्दा, तकिया, चादर, कंबल और गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने इस संबंध में संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है।
इन शहरों में सुविधा
सरकार की यह व्यवस्था गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्ध नगर में शुरू होगी।
ये लेबर अड्डे रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मजदूर मंडियों और बड़े निर्माण स्थलों के आसपास बनाए जाएंगे, ताकि काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को आसानी से सुविधा मिल सके।
किसे मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार और टाइल लगाने वाले कारीगरों सहित निर्माण कार्य से जुड़े मजदूर उठा सकेंगे। खास बात यह है कि श्रम विभाग में पंजीकरण नहीं होने पर भी मजदूरों को सुविधा मिलेगी। इसके लिए उन्हें केवल एक पहचान पत्र दिखाना होगा। मौके पर ही उनका पंजीकरण किया जाएगा।
मिलेंगी ये सुविधाएं
लेबर अड्डों पर 30 और 60 बेड की क्षमता वाले केंद्र बनाए जाएंगे। महिला और पुरुष मजदूरों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। इसके अलावा 24 घंटे साफ पानी, शौचालय, नहाने की सुविधा, सुरक्षित हीटर और रात में गर्म व पौष्टिक भोजन मुफ्त मिलेगा। एक मजदूर पर प्रतिदिन 70 रुपये तक खर्च किए जाएंगे।
10 लाख का बजट
योजना के लिए प्रत्येक जिले को शुरुआती तौर पर 10 लाख रुपये दिए गए हैं। 30 बेड वाले केंद्र पर लगभग 5.92 लाख और 60 बेड वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये खर्च होंगे। इसका भुगतान श्रमिक कल्याण बोर्ड करेगा।
होगी नियमित निगरानी
योजना में लापरवाही रोकने के लिए जिलाधिकारी नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। अधिकारी रोजाना निरीक्षण करेंगे। हाजिरी रजिस्टर और तस्वीरों के माध्यम से व्यवस्था की निगरानी होगी। प्रत्येक केंद्र के बाहर बैनर लगाया जाएगा, जिस पर बेड की संख्या, उपलब्ध सुविधाएं और केयरटेकर का मोबाइल नंबर दर्ज होगा। इससे जरूरतमंद मजदूर आसानी से सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

