Site icon News1India

Holiday Update : अब होली दिवाली दिल खोल कर मनाएं, 2027 में बढ़ीं सरकारी छुट्टियां, जारी हुआ नया कैलेंडर

UP news:उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने वर्ष 2027 के सार्वजनिक अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। मंगलवार को जारी इस कैलेंडर में पिछले साल की तुलना में तीन नए सार्वजनिक अवकाश शामिल किए गए हैं। अब मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सरकारी छुट्टी रहेगी। इन तीनों अवसरों पर पहले निर्बंधित अवकाश मिलता था। चुनावी साल में इन छुट्टियों को सार्वजनिक अवकाश का दर्जा दिए जाने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

पांच दिवसीय सप्ताह का नियम

सरकार ने स्पष्ट किया है कि विभागाध्यक्ष कार्यालयों और उन विभागों में जहां पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, वहां कार्यकारी आदेशों से घोषित छुट्टियां और जिलाधिकारियों के स्तर पर घोषित स्थानीय अवकाश लागू नहीं होंगे। कार्यकारी आदेश के तहत 15 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जयंती और 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर भी अवकाश रहेगा। हालांकि, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालयों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। एक अप्रैल को वार्षिक लेखाबंदी के कारण केवल बैंक, कोषागार और उपकोषागार बंद रहेंगे।

साल की प्रमुख छुट्टियां

जनवरी में 14 को मकर संक्रांति और 26 को गणतंत्र दिवस की छुट्टी रहेगी। फरवरी में 20 को संत रविदास जयंती और मार्च में 6 को महाशिवरात्रि, 10 को ईद-उल-फितर, 22 को होलिका दहन और 23 को होली का अवकाश रहेगा। अप्रैल में आंबेडकर जयंती, रामनवमी और महावीर जयंती पर छुट्टी मिलेगी। मई में बकरीद और बुद्ध पूर्णिमा, जबकि जून में 16 तारीख को मोहर्रम का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

त्योहारों पर सार्वजनिक अवकाश

अगस्त में स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की छुट्टी रहेगी। अक्टूबर में गांधी जयंती, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर अवकाश होगा। नवंबर में गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा तथा दिसंबर में हजरत अली का जन्मदिवस और क्रिसमस शामिल हैं। जिलाधिकारी अपने स्तर से तीन सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सकेंगे।

निर्बंधित अवकाशों में नववर्ष, शब-ए-बरात, बसंत पंचमी, जमात-उल-विदा, परशुराम जयंती, महाराणा प्रताप जयंती, हरितालिका तीज, विश्वकर्मा पूजा, छठ पूजा, ऊदा देवी शहीद दिवस और चौधरी चरण सिंह जयंती शामिल हैं। ईद और कुछ अन्य त्योहारों की तारीखें चांद दिखने के आधार पर बदल सकती हैं।

Exit mobile version