UP Junior Assistant Appointment: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इन युवाओं का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व विभाग के लिए किया है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर भी मौजूद रहे।
4,300 परिवारों को सहायता
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद दी जा रही है।
मुन्ना भाई का किया जिक्र
नियुक्ति प्रक्रिया पर बोलते हुए सीएम योगी ने 2017 से पहले की व्यवस्था पर तंज कसा। उन्होंने फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा ले जाता था। उस समय नियुक्ति बोर्ड के अधिकारी भी बंधक बने रहते थे।
हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनके मुताबिक, प्रदेश में सरकारी नौकरियों के साथ व्यापार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
बटाईदारों को भी लाभ
सीएम योगी ने किसानों के लिए योजनाओं का दायरा बढ़ाने की बात कही। उन्होंने बताया कि अब बटाईदारों को भी दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ दिया जाएगा। सांप काटने और अन्य हादसों की स्थिति में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर देने और किसानों के हितों की रक्षा करने का भरोसा दिलाया।

