UP Police Holiday Cancellation:उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शासन से लेकर तहसील और थाने तक के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अब सभी को त्योहारों के दौरान अपनी ड्यूटी पर रहना होगा।
त्योहारों पर रहेगी खास निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आने वाले त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव, दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे बड़े पर्वों पर लोगों की सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।
उन्होंने शरारती तत्वों को भी सख्त चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने, गलत जानकारी देने या भड़काऊ बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश करे तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी गलत सूचना को समय रहते रोका जा सके। त्योहारों के दौरान छोटी सी अफवाह भी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है। इसलिए पुलिस और प्रशासन को पहले से सतर्क रहना होगा।
मंदिरों और बाजारों में बढ़ेगी सुरक्षा
सीएम योगी ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है। धनतेरस और दीपावली के दौरान मुख्य बाजारों और दुकानों के आसपास पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी।
इसके साथ ही बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी और सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। केवल दफ्तर में बैठकर निगरानी करने के बजाय उन्हें मौके पर जाकर हालात देखने होंगे।
पीआरवी-112 को भी किया अलर्ट
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में पीआरवी-112 को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रतिमा स्थापना से जुड़े कार्यक्रमों के लिए समय पर अनुमति देने को कहा है, ताकि आयोजकों को परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी साफ किया कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में विवाद खड़ा करने या आपसी भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव एसपी गोयल, डीजीपी राजीव कृष्ण समेत शासन के वरिष्ठ अधिकारी और जिलों के फील्ड अधिकारी शामिल रहे।

