IPS Kiran Yadav Transfer:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। 25 नवंबर 2026 को जारी तबादला सूची में कुल 28 पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें 10 आईपीएस और 18 अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
इस सूची में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की चर्चित आईपीएस अधिकारी किरण यादव का नाम भी शामिल है। उन्हें लखनऊ से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मुख्यालय, लखनऊ में तैनाती दी गई है।
साइबर ठगी के मामले से आईं चर्चा में
2021 बैच की आईपीएस अधिकारी किरण यादव मार्च 2025 से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थीं। इस दौरान उन्होंने साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े कई अभियानों में अहम भूमिका निभाई।
किरण यादव उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गोमती नगर स्थित समिट बिल्डिंग में चल रहे कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया था।
उनके नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान 119 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया था। इनमें 92 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल थीं। आरोप था कि कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को तकनीकी सहायता और बैंकिंग सेवाओं के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए थे।
21 साल की उम्र में बनीं CA
3 मई 1987 को पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली) में जन्मीं किरण यादव की शैक्षणिक और पेशेवर यात्रा काफी खास रही है। उन्होंने बीकॉम ऑनर्स और ई-कॉमर्स की पढ़ाई की। इसके बाद महज 21 साल की उम्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बन गईं।
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उन्होंने करीब आठ साल तक भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय में काम किया। नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और चौथे प्रयास में वर्ष 2020 की सिविल सेवा परीक्षा पास की। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 392 हासिल की और आईपीएस अधिकारी बनीं।
परिवार की जड़ें सुल्तानपुर से जुड़ीं
किरण यादव के पिता शत्रुघ्न सिंह यादव एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर और इंजीनियर रह चुके हैं। उनके भाई सूरज यादव कनाडा की एक कंपनी में इंजीनियर हैं। उनके परिवार की जड़ें उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से जुड़ी हैं।
दिसंबर 2025 में किरण यादव की शादी मनीष यादव से हुई थी।
कई जिलों के अधिकारियों के तबादले
योगी सरकार की ओर से किए गए इस फेरबदल में लखनऊ के अलावा कानपुर नगर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद समेत कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुए इस बड़े बदलाव को पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है।

