उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पेशल टीईटी 2026 का रिजल्ट 20 नवंबर की देर रात घोषित कर दिया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार और उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह की ओर से परीक्षा के महज 17 दिन के भीतर परिणाम जारी किया गया। इसमें कुल 93,681 अभ्यर्थियों में से 38,902 सफल हुए, जबकि 54,779 उम्मीदवार परीक्षा पास नहीं कर सके।
छह मंडलों में हुई थी परीक्षा
स्पेशल टीईटी की लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में आयोजित की गई थी। इसके बाद 5 नवंबर को प्रोविजनल आंसर की जारी की गई और 12 नवंबर तक अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। अब आयोग ने परिणाम के साथ सफल उम्मीदवारों के प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।
प्राथमिक स्तर पर ज्यादा अभ्यर्थी फेल
प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच की परीक्षा में कुल 50,666 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से 15,159 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि 35,507 असफल रहे। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ की परीक्षा में 43,015 उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें 23,743 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की, जबकि 19,272 उम्मीदवार परीक्षा पास नहीं कर सके।
प्राचार्य भर्ती का परिणाम जारी
आयोग ने स्पेशल टीईटी के साथ अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती का अंतिम परिणाम भी घोषित किया है। अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में दाखिल विशेष अपील पर 20 नवंबर को पारित आदेश के अनुपालन में एक पद रोककर कुल 110 चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम जारी किया गया है। इस भर्ती की लिखित परीक्षा 24 सितंबर को हुई थी। इसके बाद 27, 28, 30 और 31 अक्टूबर तथा 17 नवंबर को इंटरव्यू आयोजित किए गए थे।
ऐसे डाउनलोड करें अपना रिजल्ट
अभ्यर्थी सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं। होम पेज पर रिजल्ट से संबंधित लिंक खोलें। इसके बाद अपना रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर या जन्मतिथि दर्ज करके सबमिट करें। स्क्रीन पर रिजल्ट और स्कोरकार्ड दिखाई देगा। सफल अभ्यर्थी अपना प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए इसकी पीडीएफ सुरक्षित रख लें।













