Site icon News1India

Voter ID : यूपी में वोटर कार्ड के लिए नहीं करना होगा महीनों इंतजार, कितने दिन में पहुंचेगा पहचान पत्र?

UP Voter ID Card: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के बाद मतदाता पहचान पत्र (एपिक) के लिए अब महीनों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चुनाव आयोग ने वोटर आईडी कार्ड पहुंचाने की समय सीमा तय कर दी है। इसके तहत तय अवधि में नाम जुड़वाने वाले मतदाताओं को नवंबर और दिसंबर के अंत तक कार्ड मिल जाएगा।

नवंबर तक पहुंचेगा कार्ड

जिन मतदाताओं के नाम 28 अक्टूबर 2025 से 28 जुलाई 2026 के बीच मतदाता सूची में शामिल हुए हैं, उन्हें नवंबर के अंत तक पहचान पत्र मिल जाएगा। वहीं, 28 जुलाई के बाद और 30 नवंबर तक नाम जुड़वाने वाले मतदाताओं को 31 दिसंबर तक स्पीड पोस्ट के जरिए कार्ड भेज दिया जाएगा।

डाक से होगी डिलीवरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। आगे मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम जुड़ेंगे, उन्हें 15 दिनों के भीतर पहचान पत्र पहुंचाने की तैयारी है। कार्ड इंडिया पोस्ट के माध्यम से भेजे जाएंगे। गलत पता या पिन कोड होने पर कार्ड वापस लौटने की स्थिति में उसे ईआरओ के जरिए बीएलओ तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाता के घर कार्ड पहुंचाएगा।

देरी की क्या रही वजह

एसआईआर की 166 दिनों तक चली प्रक्रिया के दौरान 90 लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इसके अलावा कार्ड की छपाई के लिए टेंडर प्रक्रिया में भी देरी हुई। इन वजहों से मतदाताओं को पहचान पत्र मिलने में परेशानी हुई। अब चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

17 नवंबर को आएगी सूची

विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची अब 12 नवंबर की जगह 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी। पहले घोषित कार्यक्रम में 12 नवंबर की तारीख तय थी, लेकिन पंच पर्व की छुट्टियों के कारण इसे आगे बढ़ाया गया है।

दावे आपत्तियों की तारीख

ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां जमा की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

कौन सा फॉर्म भरना होगा

चुनाव आयोग के मुताबिक, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची तैयार की जाएगी। एसएसआर के दौरान पात्र लोग नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकेंगे। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 जमा करना होगा। वहीं, नाम-पते में संशोधन, फोटो पहचान पत्र बदलवाने, दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

बीएलओ को दे सकेंगे फॉर्म

मतदाता संबंधित फॉर्म बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अब ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर को प्रकाशित होगी। एसएसआर के दौरान पात्र मतदाता अपना नाम सूची में शामिल करा सकेंगे।

Exit mobile version