Site icon News1India

Yogi Ki Pati : 50वें खत में CM योगी ने खोला राज, आखिर क्यों लिखते हैं प्रदेश की जनता को पत्र?

Yogi Ki Pati: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50वें पत्र में बताया कि पाती लिखने की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांव के पहले दौरे से मिली थी। वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों की बदहाल स्थिति और वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से दूर रहने की स्थिति देखकर वह व्यथित हुए थे। उन्हें महसूस हुआ कि शासन का असली दायित्व केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है।

जनता को परिवार मानते हैं

सीएम योगी ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश को केवल प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि अपना परिवार मानते हैं। उनकी इच्छा है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच रिश्ता औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहे। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है। इसी सोच के तहत पाती के जरिए वह प्रदेशवासियों के सुख-दुख, अपेक्षाओं और विचारों से जुड़ना चाहते हैं।

जनता से मांगे सुझाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में लिखे गए पत्रों की गूंज उत्तर प्रदेश से बाहर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची है। वह चाहते हैं कि पाती केवल उनके विचारों का माध्यम न बने, बल्कि इसमें आम लोगों की अपेक्षाओं और सुझावों को भी जगह मिले। उन्होंने सरकार और समाज के बीच विश्वास मजबूत करने तथा नए उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प दोहराया।

कॉफी टेबल बुक जारी

पाती के 50 सप्ताह पूरे होने पर 16 नवंबर को लखनऊ में विशेष आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने सरकारी आवास पर इस यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सात दिवसीय प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसमें पाती के संदेशों, विचारों और जनसरोकारों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

 

Exit mobile version