News1India

Uttarakhand Weather: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, कई हाईवे भी किये बंद

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा मंगलवार और बुधवार के लिए स्थगित कर दी है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि यात्रा मार्ग कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा।

कई राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़कें प्रभावित

मूसलाधार बारिश के कारण देहरादून से हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाल ही में बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। टिहरी जिले में यमुना पुल-मसूरी बैंड (NH-507) और मसूरी-कैंपटी मार्ग (NH-707) पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित है। प्रशासन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और रास्ते बहाल करने में जुटा है।

कई जिलों में हाई अलर्ट

देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें हाई अलर्ट पर हैं। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। श्रीनगर डैम से पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर भी बढ़ गया है।

यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें। उत्तरकाशी में यमुनोत्री पैदल मार्ग का एक हिस्सा धंसने के बाद वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारियों को संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version