News1India

Work From Home में GPS ट्रैकिंग से कर्मचारियों में नाराजगी, कंपनी की नई पॉलिसी पर छिड़ी बहस

GPS Tracking Work From Home: आमतौर पर वर्क फ्रॉम होम की सुविधा कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आती है, लेकिन एक कंपनी की नई नीति ने कर्मचारियों को असहज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक कर्मचारी ने दावा किया है कि उसकी कंपनी घर से काम करने वाले कर्मचारियों की GPS के जरिए लोकेशन ट्रैक कर रही है।

पोस्ट के अनुसार, कंपनी ने हाल ही में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की थी। इसके बाद लागत कम करने के उद्देश्य से बड़े ऑफिस स्पेस को छोड़कर छोटे ऑफिस में शिफ्ट होने का फैसला लिया गया।

40 से घटकर रह गए 15 कर्मचारी

कर्मचारी ने बताया कि छंटनी से पहले कंपनी में लगभग 40 लोग कार्यरत थे, लेकिन अब कर्मचारियों की संख्या घटकर 15 रह गई है। कंपनी ने अपने पुराने बड़े ऑफिस को खाली कर दिया और कम जगह वाले नए ऑफिस में शिफ्ट हो गई।

नए ऑफिस में सभी कर्मचारियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कंपनी ने रोटेशन के आधार पर वर्क फ्रॉम होम मॉडल लागू किया है।

रोटेशन के आधार पर हो रहा काम

रेडिट पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, ऑफिस में केवल चार कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था है। ऐसे में कुछ कर्मचारी ऑफिस से काम करेंगे, जबकि बाकी घर से काम करेंगे। कुछ सप्ताह बाद दोनों समूहों की अदला-बदली की जाएगी।

कर्मचारी का दावा है कि इसी व्यवस्था के तहत कंपनी ने घर से काम करने वाले कर्मचारियों की गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखने के लिए GPS ट्रैकिंग लागू की है।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने इसे कर्मचारियों की निजता का उल्लंघन बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि कंपनियां उत्पादकता और कार्य निगरानी के लिए ऐसे कदम उठा रही हैं।

हालांकि, संबंधित कंपनी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।

Exit mobile version