Site icon News1India

Electric Aircraft: भारत में जल्द दिख सकती है इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी? जानिए क्या हो सकती है विमान की खासियत

EPlane e200X Electric Aircraft: भारत में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी और एयर एंबुलेंस की संभावनाओं को लेकर चेन्नई की कंपनी ePlane Company काम कर रही है। कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक विमान e200X के लिए नई सॉफ्टवेयर तकनीक चुनी है। अमेरिका में आयोजित eVTOL Show USA के दौरान इसकी घोषणा की गई। विमान में अब Lynx MOSA.ic सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य विमान के अलग-अलग सिस्टम को सुरक्षित और बेहतर तरीके से एक साथ काम करने में मदद करना है।

एक विमान से तीन तरह की सेवाएं देने की तैयारी

ePlane का e200X इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग (eVTOL) विमान है। इसे उड़ान भरने और उतरने के लिए लंबे रनवे की जरूरत नहीं होगी। इसमें पायलट समेत कुल तीन लोग बैठ सकेंगे।

कंपनी इसे तीन तरह के कामों के लिए तैयार कर रही है। पहला, शहरी इलाकों में यात्रियों को एयर टैक्सी सेवा देना। दूसरा, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस के रूप में इस्तेमाल करना। तीसरा, सामान की डिलीवरी करना।

कंपनी के मुताबिक, विमान के ढांचे में बड़ा बदलाव किए बिना अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से इसके उपकरण, सेंसर और सॉफ्टवेयर बदले जा सकेंगे। हालांकि, हर मिशन के लिए इसका कॉन्फिगरेशन अलग होगा।

क्या है Lynx MOSA.ic सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म?

ePlane ने e200X के मिशन कंप्यूटिंग सिस्टम के लिए Lynx MOSA.ic प्लेटफॉर्म चुना है। यह तकनीक विमान के अलग-अलग सॉफ्टवेयर और सिस्टम को अलग-अलग हिस्सों में व्यवस्थित करने में मदद करती है।

इसमें उड़ान नियंत्रण, दिशा और ऊर्जा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण सिस्टम को दूसरे सॉफ्टवेयर से अलग रखा जा सकेगा। वहीं, सेंसर से मिलने वाली जानकारी और आसपास के वातावरण का विश्लेषण करने वाले फीचर अलग हिस्से में काम कर सकते हैं।

इसका फायदा यह होगा कि विमान में नए फीचर और मिशन से जुड़े सॉफ्टवेयर जोड़ना आसान होगा, जबकि उड़ान को नियंत्रित करने वाले जरूरी सिस्टम की सुरक्षा बनी रहेगी। कंपनी AI आधारित कामों के लिए भी अलग सिस्टम लगाने की योजना बना रही है।

कंपनी का दावा- 10 हजार किलोमीटर से ज्यादा की टेस्टिंग

ePlane Company की स्थापना 2019 में हुई थी। यह IIT मद्रास इनक्यूबेशन सेल से जुड़ी कंपनी है और इसका मुख्यालय चेन्नई के थाईयूर स्थित IIT मद्रास डिस्कवरी कैंपस में है।

कंपनी के मुताबिक, उसके पास 60 हजार वर्ग फुट से अधिक का परिसर है, जहां इलेक्ट्रिक विमान के प्रोटोटाइप तैयार करने और उनकी टेस्टिंग की जाती है। कंपनी का दावा है कि ATVA और e50 टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेटर विमानों के जरिए अब तक 10 हजार किलोमीटर से अधिक की उड़ान टेस्टिंग की जा चुकी है।

ePlane का यह भी कहना है कि उसे इलेक्ट्रिक विमान के लिए DGCA से डिजाइन ऑर्गनाइजेशन अप्रूवल (DOA) मिला है। कंपनी के अनुसार, e200X DGCA की टाइप सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में शामिल है।

8×11 मीटर की जगह से उड़ान भरने का दावा

कंपनी ने e200X के लिए ‘Synergistic Lift’ नाम की तकनीक विकसित की है। इसके जरिए विमान को करीब 8×11 मीटर की जगह से संचालित करने का दावा किया गया है। कंपनी का कहना है कि इससे हर जगह बड़े वर्टिपोर्ट बनाने की जरूरत कम हो सकती है और मौजूदा हेलिपैड का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

फिलहाल e200X विकास और प्रमाणन की प्रक्रिया में है। इसे व्यावसायिक उड़ान की मंजूरी मिलना बाकी है। कंपनी ने अभी सेवा शुरू होने की तारीख घोषित नहीं की है।

 

Exit mobile version