Friend 2.0 AI Pendant: दुनियाभर में लोग ChatGPT, Gemini और Grok जैसे AI टूल्स का इस्तेमाल सलाह, बातचीत और मानसिक सुकून के लिए कर रहे हैं। अब टेक्नोलॉजी एक कदम आगे बढ़ चुकी है। कैलिफोर्निया की एक स्टार्टअप ने Friend 2.0 AI Pendant लॉन्च किया है, जिसे गले में पहनने पर यह यूजर से एक दोस्त की तरह सीधे बात करता है। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस अकेलेपन को कम करने में मदद करेगा।
क्या है Friend 2.0 की खासियत?
कंपनी ने 2024 में पहला Friend AI Pendant पेश किया था, जो केवल टेक्स्ट मैसेज के जरिए जवाब देता था। नए Friend 2.0 में इन-बिल्ट स्पीकर दिया गया है, जिससे यह सीधे आवाज में बातचीत कर सकता है।
इस डिवाइस में माइक्रोफोन, टच-सेंसिटिव हैप्टिक्स, रिएक्टिव लाइटिंग, USB Type-C चार्जिंग और पूरे दिन चलने वाली बैटरी दी गई है। फिलहाल यह केवल iPhone के साथ काम करता है। हर पेंडेंट की अपनी अलग आवाज, नाम और व्यक्तित्व होगा, जिसे यूजर बदल नहीं सकेगा।
कीमत और मेमोरी फीचर
Friend 2.0 की कीमत 249 डॉलर (करीब 23,750 रुपये) रखी गई है। डिफॉल्ट रूप से यह 30 दिनों तक की बातचीत याद रखता है। वहीं करीब 953 रुपये प्रति माह के सब्सक्रिप्शन के साथ यह बातचीत को लंबे समय तक स्टोर कर सकता है।
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही आलोचना?
लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर इस डिवाइस को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने इसकी तुलना मशहूर वेब सीरीज Black Mirror से करते हुए इसे “डिस्टोपियन टेक्नोलॉजी” बताया। लोगों का कहना है कि इंसानी रिश्तों की जगह AI साथी लेना भविष्य के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
कंपनी ने क्या दी सफाई?
स्टार्टअप के 24 वर्षीय संस्थापक एवी शिफमैन का कहना है कि Friend 2.0 किसी डिजिटल असिस्टेंट या रोमांटिक पार्टनर की जगह लेने के लिए नहीं बनाया गया है। उनका दावा है कि यह केवल ऐसा AI साथी है, जिससे लोग अपनी बातें साझा कर सकें और अकेलापन कम महसूस करें।
