HMD ने लॉन्च किया Nokia 123 Shield, दमदार बैटरी और वाटर-डस्ट रेजिस्टेंट डिजाइन के साथ नया किफायती फीचर फोन

HMD ने नया Nokia 123 Shield फीचर फोन लॉन्च किया है। इसमें 2.4 इंच डिस्प्ले, 1,750mAh रिमूवेबल बैटरी, वाटर-डस्ट रेजिस्टेंट डिजाइन, USB Type-C, FM रेडियो और 32GB तक माइक्रोएसडी सपोर्ट मिलता है। इसकी संभावित कीमत ₹3,500-₹4,000 के बीच हो सकती है।

Nokia 123 Shield: HMD ने अपने फीचर फोन पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया Nokia 123 Shield लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह उसका सबसे किफायती फीचर फोन है, जिसे खासतौर पर आउटडोर काम करने वाले लोगों और बैकअप फोन की तलाश कर रहे यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका वाटर और डस्ट रेजिस्टेंट डिजाइन है, जो इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए अधिक टिकाऊ बनाता है।

रिटेल लिस्टिंग के अनुसार, यूरोप के कुछ देशों में इसकी कीमत 35 से 40 यूरो (करीब ₹3,500 से ₹4,000) के बीच हो सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक ग्लोबल कीमत की घोषणा नहीं की है।

डिस्प्ले और परफॉर्मेंस

Nokia 123 Shield में 2.4 इंच का QVGA डिस्प्ले दिया गया है। फोन का टेक्सचर्ड प्लास्टिक डिजाइन बेहतर ग्रिप देता है, जबकि पोर्ट्स को रबर फ्लैप से सुरक्षित रखा गया है ताकि धूल और पानी अंदर न जा सके। इसमें USB Type-C पोर्ट और 3.5mm हेडफोन जैक भी मिलता है।

यह फोन S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है और इसमें Unisoc SC6531E प्रोसेसर के साथ 4MB RAM और 4MB इंटरनल स्टोरेज दी गई है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए पीछे QVGA कैमरा और LED फ्लैश भी दिया गया है।

बैटरी और अन्य फीचर्स

फोन में 1,750mAh की रिमूवेबल बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह एक बार चार्ज करने पर 27.9 घंटे तक का टॉक टाइम और 19 दिन तक का स्टैंडबाय टाइम दे सकती है। इसमें वायरलेस और वायर्ड FM रेडियो, बिल्ट-इन टॉर्च और ड्यूल Mini SIM सपोर्ट भी मौजूद है।

हालांकि यह डिवाइस केवल 2G नेटवर्क को सपोर्ट करता है, इसलिए जिन देशों में 2G सेवाएं बंद हो चुकी हैं, वहां इसका उपयोग सीमित रहेगा। फोन का वजन 108 ग्राम है और इसे ग्रीन व पर्पल रंगों में पेश किया गया है।

 

 

Exit mobile version