OpenAI का खुला चैलेंज, GPT-5.6 की सुरक्षा में खामी खोजने वाले रिसर्चर्स को मिलेगा 50,000 डॉलर का इनाम

OpenAI ने GPT-5.6 बायो बग बाउंटी प्रोग्राम शुरू किया है। मॉडल की सुरक्षा में गंभीर खामी खोजने वाले रिसर्चर्स को 50,000 डॉलर तक का इनाम मिलेगा। आवेदन के लिए ChatGPT अकाउंट और NDA अनिवार्य होगा।

GPT-5.6 Bio Bug Bounty Program: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने साइबर सिक्योरिटी और एआई रिसर्च से जुड़े विशेषज्ञों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने अपने नए GPT-5.6 मॉडल के बायोसेफ्टी सिक्योरिटी सिस्टम में खामियां तलाशने वालों के लिए बायो बग बाउंटी प्रोग्राम शुरू किया है। इस प्रोग्राम के तहत अगर कोई रिसर्चर मॉडल की सुरक्षा में गंभीर कमी ढूंढता है, तो उसे अधिकतम 50,000 डॉलर यानी करीब 47 लाख रुपये से ज्यादा का इनाम दिया जाएगा।

इनाम की राशि पहले से दोगुनी

OpenAI इससे पहले GPT-5.5 मॉडल के लिए भी ऐसा बग बाउंटी प्रोग्राम चला चुकी है। अब कंपनी ने इसे GPT-5.6 तक बढ़ा दिया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव इनाम की रकम में किया गया है। पहले अधिकतम इनाम 25,000 डॉलर था, जिसे अब बढ़ाकर 50,000 डॉलर कर दिया गया है। कंपनी का उद्देश्य सुरक्षा खामियों को समय रहते पहचानकर अपने AI सिस्टम को और मजबूत बनाना है।

किन कमियों की तलाश कर रही है कंपनी?

OpenAI ऐसे “यूनिवर्सल जेलब्रेक” तरीकों की तलाश कर रही है, जो GPT-5.6 के बायोसेफ्टी नियमों को बार-बार और अलग-अलग परिस्थितियों में भी दरकिनार कर सकें। यानी सिर्फ एक बार सुरक्षा तोड़ना काफी नहीं होगा, बल्कि ऐसे तरीके खोजने होंगे जो लगातार सेफ्टी सिस्टम को चकमा दे सकें। कंपनी का मानना है कि भविष्य के AI मॉडल को सुरक्षित बनाने के लिए इन कमजोरियों की पहचान बेहद जरूरी है।

हर उपयोगी खोज पर मिलेगा इनाम

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इनाम केवल पूरी तरह सुरक्षा तोड़ने वाले रिसर्चर्स को ही नहीं मिलेगा। अगर कोई शोधकर्ता ऐसी जानकारी देता है जो सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मददगार साबित होती है, तो उसे भी इनाम दिया जाएगा। इनाम की राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि खोज कितनी उपयोगी, प्रभावी और गंभीर है।

GPT-5.5 प्रोग्राम भी रहेगा जारी

OpenAI ने बताया कि GPT-5.5 बायो बग बाउंटी प्रोग्राम पहले से तय शेड्यूल के अनुसार जारी रहेगा। रिसर्चर्स 27 जुलाई 2026 तक GPT-5.5 मॉडल की टेस्टिंग कर सकते हैं। इसके बाद यह प्रोग्राम पूरी तरह GPT-5.6 मॉडल पर केंद्रित हो जाएगा।

कैसे करें आवेदन?

इस प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक रिसर्चर्स को OpenAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान नाम, संस्था और संबंधित क्षेत्र में अनुभव जैसी जानकारी देनी होगी। इसके अलावा ChatGPT अकाउंट होना अनिवार्य है। टेस्टिंग शुरू करने से पहले प्रतिभागियों को नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर हस्ताक्षर भी करने होंगे, ताकि गोपनीय जानकारी सुरक्षित रहे। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लोग पहले से GPT-5.5 बग बाउंटी प्रोग्राम में शामिल हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

Exit mobile version