यूक्रेनी सैनिक को दुनिया कर रही है सलाम, देश के लिए कुछ इस तरह दी कुर्बानी…

नई दिल्ली: रूस के मंसूबों पर यूक्रेन के एक वीर जवान ने अपनी जान माल की चिंता को ताक पर रखते हुए कुछ ऐसा किया जिसे आप लोग सुनकर दंग रह जाएंगे। इस समय रूसी सेना ने यूक्रेन में तबाही मचाई हुई है। कहीं लड़ाकू विमानों का शोर है तो कहीं गोले बारूद की धमक। इसी लड़ाई के चलते दोनों देशों में अशांति का माहौल है। युद्ध में यूक्रेन के एक सैनिक ने अपने देश के लिए प्राणों की बाजी लगा दी जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

यूक्रेनी सैनिक ने रूसी टैंकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए अपनी जिंदगी को देश के लिए न्योछावर कर दिया। दरअसल, रूसी सेना हेनिचेस्क ब्रिज (Henichesk bridge) की तरफ अपने पांव पसारने की कोशिश में जुटी थी। इस सैनिक की तैनाती इसी ब्रिज पर की गई थी। जब इस सैनिक को रूसी सेना को रोकने का कोई तरीका नज़र नहीं आया तो उसने इस ब्रिज को ही उड़ा डाला। ऐसी स्थिति में कुछ फैसला लेने के लिए समय बहुत कम था, जिसे देखते हुए सैनिक विटाली स्काकुन वोलोडिमिरोविच ( Vitaly Skakun Volodymyrovych) ने अपने देश को बचाया और जाते जाते एक अनोखी मिसाल पेश की।

रूसी टैंकों को रोकने के लिए उसके बलिदान को अब यूक्रेनी सेना समेत पूरी दुनिया उसकी शहादत को नमन कर रही है। यूक्रेन के इस सैनिक को देश के हीरो के रूप में देखा जा रहा है। यूक्रेनी सेना ने फेसबुक पर लिखा,जब रूसी टैंक क्षेत्र में प्रवेश कर गए तो मरीन बटालियन इंजीनियर वोलोडिमिरोविच को हेनिचेस्क ब्रिज (Henichesk bridge) पर तैनात किया गया था। सूत्रों के अनुसार ऐसे समय में इस जवान ने देश की चिंता की और बिना सोचे समझे खुद को बम की चपेट में लेते हुए देश के लिए शहीद होकर रूस के इरादों पर पानी फेर दिया।

(निशांत दीक्षित)

Exit mobile version