Site icon News1India

संभल हिंसा मामले में 1200 पेज की चार्जशीट दाखिल, गैंगस्टर शारिक साठा का गुर्गा गिरफ्तार

Sambhal violence

 Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने गुरुवार (20 फरवरी) को 124 आरोपियों के खिलाफ 1200 पृष्ठों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। इस हिंसा के संबंध में पुलिस ने 12 प्राथमिकी दर्ज की थीं जिनमें कुल 2750 लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है।

चार मुकदमों में चार्जशीट दाखिल

सहायक शासकीय अधिवक्ता हरिओम प्रकाश के अनुसार संभल हिंसा से जुड़े कुल चार मुकदमों में आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें से दो मुकदमे संभल कोतवाली के और दो मुकदमे नखासा थाना क्षेत्र के हैं। इन चार मामलों में कुल 124 अपराधियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है।

आगजनी और फायरिंग की धाराओं में चार्जशीट

पुलिस ने आरोपियों पर बलवा आगजनी और फायरिंग की गंभीर धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है। 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के विरोध में भड़की हिंसा (Sambhal Violence) में चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि 30 अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस हिंसा के बाद पुलिस ने सात और मृतकों के परिजनों की ओर से चार प्राथमिकी दर्ज कराई थीं जबकि एक प्राथमिकी एक घायल व्यक्ति की ओर से दर्ज कराई गई थी।

जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ चार्जशीट नहीं

एसआईटी की (Sambhal Violence) जांच के तहत अब तक समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। एक प्राथमिकी में बर्क के अलावा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल सहित 37 नामजद आरोपी शामिल हैं। इनके अलावा 3750 अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

यह भी पढ़े: महाकुंभ में गंगा जल की शुद्धता पर यूपी सरकार ने किया दावा, वैज्ञानिक प्रमाण भी किए पेश

शारिक साठा का गुर्गा मोहम्मद गुलाम गिरफ्तार

संभल हिंसा के मास्टरमाइंड और दुबई में छिपे गैंगस्टर शारिक साठा के गुर्गे मोहम्मद गुलाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह उपद्रवियों को हथियार सप्लाई करने में शामिल था। पुलिस को उसके पास से विदेशी हथियार और दुबई से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। संभल कोतवाली पुलिस ने 24 नवंबर को हुई हिंसा में शामिल आरोपी गुलाम निवासी मोहल्ला दीपा सराय को हिरासत में लिया है।

संभल हिंसा का मास्टरमाइंड दुबई में छिपा

पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि हिंसा (Sambhal Violence) का मास्टरमाइंड ऑटो लिफ्टर शारिक साठा फिलहाल दुबई में छिपा हुआ है। पुलिस का दावा है कि हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत के लिए शारिक साठा के गुर्गे ही जिम्मेदार थे।

चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत शामिल

एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है और चार्जशीट में हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका का पूरा विवरण दर्ज किया गया है। इसमें सीसीटीवी फुटेज, वीडियो क्लिप और अन्य साक्ष्यों को शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। संभल हिंसा मामले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। पुलिस द्वारा आरोपियों पर शिकंजा कसने के बाद अब अदालत में मामले की सुनवाई शुरू होगी।

संभल हिंसा मामले में एक महिला बरी

संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार चार महिलाओं में से एक फरहाना को आज सबूतों के अभाव में चंदौसी की सीजेएम कोर्ट ने बरी कर दिया। हिंसा के दौरान पथराव में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने 26 नवंबर को फरहाना को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि जांच के दौरान वह निर्दोष पाई गई, जिसके बाद कोर्ट ने उसकी रिहाई का आदेश दिया।

 

Exit mobile version