Site icon News1India

Birthday Special 24 जुलाई: ‘भारत कुमार’ के नाम से जानें जाते हैं मनोज कुमार’

Manoj Kumar Birthday: भारत कुमार के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार ने भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग और खास पहचान बनाई है।

24 जुलाई, 1937 को पाकिस्तान के एबटाबाद में जन्मे मनोज कुमार देश के बंटवारे के बाद भारत आकर बस गए। फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों को देशभक्ति का एहसास कराने वाले मनोज कुमार का असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था। वह सिर्फ एक अच्छे अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता और निर्देशक भी हैं और इन सब से बढ़कर वह एक सच्चे देशभक्त हैं, जिसकी छाप उन्होंने अपने फिल्मों में भी छोड़ी। मनोज कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर फिल्म उपकार बनाई, जो शास्त्री के दिए हुए नारे जय जवान जय किसान पर आधारित थी।

मनोज कुमार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1957 में फिल्म ‘फैशन’ से की थी। इस फिल्म में मनोज कुमार अभिनेता प्रदीप कुमार और माला सिन्हा के साथ मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके बाद मनोज कुमार कई फिल्मों में नजर आए, लेकिन उन्हें असली पहचान साल 1965 में आई फिल्म ‘शहीद’ से मिली।

यह एक देशभक्ति फिल्म थी। इस फिल्म में वह भगत सिंह के किरदार में नजर आए थे। इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया। मनोज कुमार को ज्यादातर देशभक्ति फिल्में करने के कारण उन्हें हिंदी सिनेमा में ‘भारत कुमार’ के नाम से सम्बोधित किया जाता है।

मनोज कुमार की प्रमुख फिल्मों में हिमालय की गोद में, उपकार, नील कमल, गुमनाम, पूरब और पश्चिम, पत्थर के सनम, बलिदान, शोर, रोटी कपड़ा और मकान, क्रांति, देशवासी आदि शामिल हैं। फिल्मों में अभिनेता के तौर पर पहचान बनाने के बाद मनोज कुमार एक निर्माता और निर्देशक के रूप में भी सफल रहे। उनके द्वारा निर्देशित व निर्मित फिल्मों में पूरब और पश्चिम, शोर, रोटी कपड़ा और मकान, क्रांति और जयहिंद आदि शामिल हैं।

फिल्म उपकार के लिए मनोज कुमार को नेशनल अवॉर्ड दिया गया है। मनोज कुमार को फिल्मों में उनके योगदान के लिए आठ बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा भारत सरकार ने मनोज कुमार को साल 1992 में पद्मश्री और साल 2015 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मनोज कुमार की पत्नी का नाम शशि गोस्वामी है। मनोज कुमार और शशि गोस्वामी के दो बच्चे विशाल और कुणाल हैं। मनोज कुमार के बेटे कुणाल अभिनेता हैं। मनोज कुमार इन दिनों फिल्मों से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। आज भी राष्ट्रीय पर्व पर मनोज कुमार की फिल्मों के देशभक्ति गाने अक्सर सुने जाते हैं।

Exit mobile version