Site icon News1India

Family Tragedy : पिस्तौल से चली गोली, 24 वर्षीय छात्र की मौत! भाई क्यों हुआ गिरफ्तार, परिवार में मातम

Hyderabad Student Death in America

International news:अमेरिका में एक दर्दनाक घटना ने हैदराबाद के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। न्यूयॉर्क के हिक्सविले में 24 वर्षीय भारतीय छात्र मोहम्मद इब्राहिम अहमद की गोली लगने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने उसके 27 वर्षीय बड़े भाई मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, जिस पिस्तौल से गोली चली, वह बड़े भाई की थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कार में मिला घायल छात्र

यह घटना 14 नवंबर की रात करीब 12:01 बजे हुई। नासाउ काउंटी पुलिस विभाग के अनुसार, पुलिस को 459 साउथ ब्रॉडवे के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक कार के अंदर इब्राहिम घायल अवस्था में मिला। उसकी पीठ में गोली लगी थी। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय उसका बड़ा भाई भी कार में मौजूद था।

बड़े भाई की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने 17 नवंबर को जांच के बाद मोहम्मद बशीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं के मुताबिक, उसकी पिस्तौल से गलती से गोली चली थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हथियार कैसे चला और कार के अंदर किन परिस्थितियों में मौजूद था। बशीर पर सेकंड-डिग्री मैनस्लॉटर यानी गैर-इरादतन हत्या और सेकंड-डिग्री क्रिमिनल पजेशन ऑफ ए वेपन यानी अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं।

अदालत में खुद को बताया निर्दोष

अदालत में पेशी के दौरान मोहम्मद बशीर अहमद ने खुद को निर्दोष बताया। इसके बाद उसे हिरासत में भेज दिया गया। उसे बुधवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाना था। फिलहाल मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। दोनों भाइयों का मूल निवास हैदराबाद बताया गया है। पुलिस की जांच में हथियार चलने की परिस्थितियों को लेकर अभी कई सवालों के जवाब सामने आने बाकी हैं।

माता-पिता पर टूटा दुख

बेटे की मौत की खबर ने भारत में रह रहे माता-पिता मोहम्मद जहांगीर साहब और अर्जुमन नज़ीर को गहरे सदमे में डाल दिया है। वे अपने बेटे के पास अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे से मिलने की उम्मीद थी, उसकी मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Exit mobile version