UP Crime : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दहेज में आईफोन न मिलने पर एक विवाहिता को गर्म कैंची से जला दिया गया। इसके बाद उसे चप्पलों और तार से पीटा गया। पिटाई के निशान आज भी उसके शरीर पर हैं। इतना ही नहीं, ससुराल वालों ने उसे पीटने के बाद मायके भेज दिया। यह आरोप पीड़िता ने लगाया है। पीड़िता ने बीबीडी थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। एफआईआर के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाराबंकी के देवा शरीफ निवासी परवीन के मुताबिक, उसकी शादी दो साल पहले बीबीडी चंदियामऊ निवासी अरमान से हुई थी। परवीन ने मामला दर्ज कराया कि उसके पिता ने शादी में अपनी हैसियत के हिसाब से खर्च किया था। शादी के कुछ समय बाद ही पति अरमान और ससुराल वालों ने दहेज में आईफोन और जेवर की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने कैंची गर्म करके उसके शरीर पर कई जगह जला दिया। इसके बाद उसे तार और चप्पलों से बुरी तरह पीटा गया।
यह भी पढ़ें : Shahjahanpur की गलियों में घूमता मिला मगरमच्छ, युवकों ने दिखाई दिलेरी…
पिटाई के निशान आज भी उसके शरीर पर हैं। जब वह चीखी तो उन्होंने उसका गला घोंटकर उसे मारने की कोशिश की। किसी तरह उसकी जान बच गई। एक महीने पहले उसके ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। जब वह फोन करती है, तो ससुराल वाले उसे कहते हैं कि मायके में ही फांसी लगा लो, लेकिन दोबारा यहाँ मत आना। इंस्पेक्टर बीबीडी के अनुसार, पति अरमान, सास सब्भो बानो, ससुर सिद्दीकी, ननद दरकसा और देवर सलमान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जाँच जारी है।