Site icon News1India

कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं रघुवर दास… निशिकांत दूबे के Tweet से मचा सियासी बवाल

झारखण्ड: खदान लीज मामले में चुनाव आयोग और झारखंड हाई कोर्ट के रुख से गहरे संकट में फंसे झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति खासे आक्रामक तेवर दिखाने वाले भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने अपने एक ट्वीट से सियासी हड़कंप ला दिया है। निशिकांत दूबे ने ट्विटर पर लिखे अपने संदेश में कहा कि हेमंत सोरेन कभी भी पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास को गिरफ्तार करवा सकते हैं। उन्‍होंने इस मामले की पक्‍की जानकारी का दावा करते हुए हेमंत सरकार के अंदरुनी सूत्रों का हवाला दिया है।

निशिकांत‍ दूबे ने लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जबरदस्ती गिरफ्तार करवाना चाहते हैं। झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक नीरज सिन्हा जी व एसीबी के अतिरिक्‍त प्रभार में रहे आइजी पंकज कम्बोज ने मानने से इंकार कर दिया। इस कारण विजिलेंस व भ्रष्टाचार निरोधक विभाग से इन दोनों अफसरों का तबादला कर दिया गया। अपने ट्वीट के अंत में निशिकांत दूबे ने कोड भाषा में लिखा- यह भाजपा है।

बता दें कि पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास, हेमंत सोरेन के खिलाफ लगातार नए-नए दस्‍तावेज के जरिये संगीन आरोप लगा रहे हैं। सबसे पहले सीएम हेमंत सोरेन का खदान लीज मामला, भाई बसंत सोरेन के माइनिंग कंपनी में पार्टनर होने का मामला, पत्‍नी कल्‍पना सोरेन को 11 एकड़ सरकारी जमीन देने का मामला समेत हाल के दिनों में रघुवर दास ने कई बड़े खुलासे किए हैं। रघुवर ने इन मामलों को राज्‍यपाल रमेश बैस के पास भी पहुंचाया। जिसमें हेमंत सोरेन को विधानसभा की सदस्‍यता से अयोग्‍य ठहराए जाने का खतरा मंडरा रहा है।

झारखंड के हालात लगातार विस्‍फोटक बनते जा रहे हैं। हेमंत सोरेन के खिलाफ पहले खदान लीज मामला सार्वजनिक होने और फिर खान व उद्योग सचिव आइएएस पूजा सिंघल के यहां ईडी के छापे पड़ने, गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही दोनों राजनीतिक दलों में घमासान मचा है। भाजपा और झामुमो के बीच तल्‍खी इतनी बढ़ गई है कि कभी भी टकराव की स्थिति बन सकती है। पक्ष-विपक्ष दोनों ओर से बेहद तल्‍ख बयानबाजी हो रही है। एक-दूसरे पर दोनों दल गंभीर आरोप भी लगा रहे हैं।

इस बीच मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते दिन भारतीय जनता पार्टी पर उनकी सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे किसी कीमत पर भागने या झुकनेवालों में से नहीं हैं। हेमंत ने कहा है कि समय आने पर वे भाजपा को जवाब देंगे। जिस तरह यूक्रेन ने रूस को जवाब दिया है, वे भी उसी तरह बीजेपी को सबक सिखाएंगे। हालांकि इससे पहले हेमंत सोरेन ने उनकी सरकार के खान सचिव आइएएस पूजा सिंघल के ठिकानों पर ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी को गीदड़ भभकी बताया था।

(By: ABHINAV SHUKLA)

Exit mobile version