Rani Lakshmibai Yojana: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब मेधावी छात्राओं को बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। युवाओं को टैबलेट देने के बाद अब सरकार छात्राओं को स्कूटी देने जा रही है। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को गुलाबी रंग की स्कूटी दी जाएगी। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कंपनी ने स्कूटर का निर्माण भी शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी वितरण की शुरुआत 15 दिसंबर के आसपास हो सकती है। इसके लिए प्रदेश के कई स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
15 दिसंबर से वितरण
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के अनुसार, छात्राओं को स्कूटी देने की प्रक्रिया 15 दिसंबर के आसपास शुरू हो सकती है। योजना के तहत सभी चयनित छात्राओं को एक ही मॉडल की गुलाबी स्कूटी दी जाएगी।
स्कूटर निर्माण की जिम्मेदारी हीरो कंपनी को दी गई है। कंपनी प्रतिदिन करीब 600 स्कूटर तैयार कर रही है। वर्ष 2025-26 के बजट में इस योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।
ये छात्राएं होंगी पात्र
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली छात्राओं को मिलेगा। इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की गई हैं।
छात्रा उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी हो।
परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो।
विश्वविद्यालय या महाविद्यालय की मेधा सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत स्थान हो।
छात्रा ने सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की हो।
इन शर्तों को पूरा करने वाली छात्राओं को योजना के तहत चयनित किया जाएगा।
इन्हें मिलेगी छूट
योजना में शहीदों की बेटियों, निराश्रित और दिव्यांग छात्राओं को विशेष राहत दी जाएगी। इन छात्राओं को मेधा सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत स्थान प्राप्त करने की अनिवार्यता से छूट मिलेगी। सरकार का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से विशेष परिस्थितियों का सामना कर रही छात्राओं को भी आगे बढ़ने का अवसर देना है।
स्कूटी के साथ ये सुविधाएं
योजना के तहत छात्राओं को सिर्फ स्कूटी ही नहीं मिलेगी, बल्कि इसके साथ कई जरूरी सुविधाएं भी दी जाएंगी। चयनित छात्राओं को स्कूटी के साथ रजिस्ट्रेशन, बीमा, हेलमेट और पांच लीटर पेट्रोल भी मिलेगा। इससे छात्राओं को कॉलेज और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आने-जाने में आसानी होगी।
युवाओं पर सरकार का फोकस
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार अपनी चुनावी घोषणाओं को पूरा करने में जुटी है। हाल ही में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इसके साथ ही 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने के अभियान की शुरुआत हुई।
अब स्कूटी योजना के जरिए छात्राओं को लाभ पहुंचाने की तैयारी है। सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को शिक्षा तथा सुविधाओं से जोड़ना है। हालांकि, योजना की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सभी पात्र छात्राओं तक समय से स्कूटी पहुंच पाती है या नहीं।

