Site icon News1India

क्या हार्ट अटैक से पहले शरीर देता है संकेत,कौन से लक्षणों को नजरअंदाज करना हो सकता है जानलेवा

Shefali Jariwala Death: फिट नजर आने वाली ‘कांटा लगा गर्ल’ की अचानक मौत ने सबको चौंकाया दिया। शेफाली जरीवाला का अचानक निधन सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि हर उस शख्स के लिए सदमा है जो फिटनेस को ही सेहत मान बैठता है। हार्ट अटैक के लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

42 की उम्र में दुनिया से विदा, सदमे में फैंस और परिवार

‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक मौत की खबर से उनके चाहने वालों और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 42 वर्षीय शेफाली की तबीयत 27 जून की रात अचानक बिगड़ गई। उन्हें फौरन मुंबई के बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह माना जा रहा है, लेकिन अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। अंबोली पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों को संदेह है कि शेफाली का ब्लड प्रेशर अचानक बहुत कम हो गया था। उनके पति पराग ने बयान में कहा कि शेफाली ने फ्रिज में रखा खाना खाया था, जिसके बाद उन्हें सीने में दर्द और चक्कर आने लगे।

हार्ट अटैक से पहले शरीर देता है संकेत

शेफाली की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बताया गया है कि हार्ट अटैक से पहले शरीर कुछ चेतावनी संकेत देता है। इन्हें अगर समय रहते समझ लिया जाए, तो जान बचाई जा सकती है।

ये संकेत हैं।

अचानक ठंडा पसीना आना

छाती या पीठ में दर्द

बाएं हाथ में तेज दर्द

जबड़े में अजीब सा दर्द

सीने में भारीपन या दबाव

डॉक्टरों का कहना है कि बार-बार थकान, तेज हार्ट रेट, पसीना और ब्लड प्रेशर गिरना भी दिल की खराब हालत के संकेत हो सकते हैं। जरूरी नहीं कि हर बार ये मौत की ओर इशारा करें, लेकिन सावधानी जरूर बरतनी चाहिए।

हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में अंतर

विशेषज्ञ बताते हैं कि हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट दो अलग-अलग स्थितियां हैं।

हार्ट अटैक तब होता है जब दिल की मांसपेशियों तक ब्लड सप्लाई रुक जाती है।

कार्डियक अरेस्ट में दिल की धड़कन अचानक रुक जाती है, जिससे व्यक्ति तुरंत बेहोश हो सकता है।

ओवर फिटनेस और सप्लीमेंट्स हो सकते हैं खतरनाक

आजकल सोशल मीडिया पर फिट दिखने की होड़ में कई लोग जरूरत से ज्यादा वर्कआउट और बिना सलाह के सप्लीमेंट लेने लगे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ओवर एक्सरसाइज और प्रोटीन पाउडर जैसी चीजें बिना सलाह लिए लेना खतरनाक साबित हो सकता है। आम लोगों के लिए रोजाना ब्रिस्क वॉक, योग और हल्का वर्कआउट ही काफी होता है।

सिर्फ दिखने से नहीं होती पूरी सेहत

टीवी एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला की तरह शेफाली की मौत भी इस बात की चेतावनी है कि फिट दिखना सेहतमंद होने की गारंटी नहीं है। हमें शरीर की अंदरूनी हालत को भी गंभीरता से लेना चाहिए।

अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। क्या शेफाली किसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं या कुछ और वजह थी, यह सच सामने आना अभी बाकी है।

Exit mobile version