Site icon News1India

UP Weather Alert: मानसून की एंट्री पर ब्रेक! 27 जून तक नहीं मिलेगी राहत, लू और उमस से बेहाल रहेगा उत्तर प्रदेश, जानिए कब‌ होगी झमाझम बारिश

UP Weather Alert

UP Weather Update June 2026:उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ऐसे में लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन मौसम विभाग के ताजा अनुमान राहत देने वाले नहीं हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 27 जून तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा और तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है।

यूपी-बिहार सीमा पर थमा मानसून

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल अरब सागर से होते हुए मध्य भारत और बिहार के मोतिहारी क्षेत्र तक पहुंच चुकी है। सामान्य परिस्थितियों में मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है और यह यूपी-बिहार सीमा पर आकर ठहर गया है।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इसके चलते 28 जून से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है, जिससे कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

जुलाई के पहले सप्ताह में व्यापक बारिश के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश शुरू हो सकती है। हालांकि पूरे प्रदेश में एक साथ मानसूनी वर्षा होने में अभी कुछ समय लगेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई के पहले सप्ताह से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

38 जिलों में लू का असर, कई जगह धूल भरी आंधी

मंगलवार को प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिले। नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, बागपत और ललितपुर जैसे जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली और कई स्थानों पर बारिश भी हुई। वहीं राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के करीब 38 जिलों में लू की स्थिति दर्ज की गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बांदा रहा देश का सबसे गर्म शहर

प्रदेश का बांदा जिला एक बार फिर देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए 27 जून तक गर्मी का यह दौर जारी रहने की संभावना है।

Exit mobile version