UP RERA News: उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (UP RERA) ने नोएडा और गाजियाबाद के घर खरीदारों को बड़ी राहत दी है। प्राधिकरण ने अपनी निलंबन सूची (suspension list) से कुल 22 लंबित परियोजनाओं को बाहर कर दिया है, जिनमें से 12 परियोजनाएं केवल नोएडा और गाजियाबाद की हैं। इन दोनों जिलों की 6-6 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 7500 से अधिक यूनिट्स हैं। इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद, अब इन अटकी हुई परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा, जिससे हजारों घर खरीदारों को उनके सपनों का घर मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
यूपी रेरा के अध्यक्ष, संजय आर भूस रेड्डी ने कहा कि इस निर्णय से न केवल घर खरीदारों को राहत मिलेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में भी नई ऊर्जा आएगी। यह कदम रियल एस्टेट सेक्टर में विश्वास बहाल करने और लंबित परियोजनाओं को पूरा करने की दिशा में प्राधिकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे राज्य में आवास क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
क्यों रुका हुआ था काम?
इन परियोजनाओं के निलंबन के पीछे मुख्य कारण यह था कि पंजीकरण के दौरान प्रमोटर्स ने भू-अभिलेख, स्वीकृत मानचित्र और यूनिट विवरण जैसे आवश्यक दस्तावेज रेरा पोर्टल पर अपलोड नहीं किए थे। प्राधिकरण ने इन कमियों को गंभीरता से लिया और प्रमोटर्स को नोटिस जारी किए थे।
तकनीकी कमियों का हवाला
अधिकांश प्रमोटर्स ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि प्रारंभिक चरण में तकनीकी कमी और समय अभाव के चलते वे सभी आवश्यक विवरण पोर्टल पर जमा नहीं कर पाए थे। इसके बाद, रेरा ने बिल्डरों की सुविधा के लिए पोर्टल पर जानकारी को संशोधित करने की सुविधा भी दी थी, लेकिन बावजूद इसके कुछ प्रमोटर्स ने दस्तावेज जमा नहीं कराए थे। कड़े रुख के बाद, आखिरकार इन प्रमोटरों ने अब दस्तावेज जमा कर दिए हैं, जिसके परिणामस्वरूप यूपी रेरा ने इन परियोजनाओं को निलंबन सूची से बाहर करने का फैसला किया है।
इन जिलों की परियोजनाएं भी शामिल
UP RERA ने कुल 7 जिलों की 22 परियोजनाओं को इस सूची से बाहर किया है। इनमें 8856 इकाइयां हैं, जिनका निर्माण अब संभव हो सकेगा।
- नोएडा: 6 परियोजनाएं
- गाजियाबाद: 6 परियोजनाएं
- लखनऊ: 4 परियोजनाएं
- आगरा और मेरठ: 2-2 परियोजनाएं
- झांसी और हाथरस: 1-1 परियोजना
नोएडा और गाजियाबाद की इन योजनाओं का काम होगा पूरा
नोएडा और गाजियाबाद की जिन प्रमुख परियोजनाओं को निलंबन सूची से बाहर किया गया है, उनमें शामिल हैं:
| जिला | परियोजना का नाम |
| नोएडा | विस्टर्न पार्क-3 |
| नोएडा | जेपी ग्रीन्स गार्डन आइल्स |
| नोएडा | जेपी ग्रग्रेस आर्ड |
| नोएडा | ग्रीनवे गोल्फ होम्स |
| नोएडा | ग्रां पिक्स मेगा सूट्स |
| नोएडा | गैलेक्टिक सिटी यूनिवर्सल टावर |
| गाजियाबाद | विहान शॉपिंग प्लाजा |
| गाजियाबाद | ऑफिसर सिटी-2 फेज-2 |
| गाजियाबाद | शालीमार सिटी फेज-2 |
| गाजियाबाद | जीएनबी फेस-2 |
| गाजियाबाद | साया एस-क्लास परियोजना |
इस UP RERA फैसले से नोएडा और गाजियाबाद के रियल एस्टेट मार्केट में सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद है, जिससे लंबित परियोजनाओं के खरीदारों को बड़ी राहत मिली है।
